बहनों के घर जा रहे स्कूटी सवार भाजपा नेता को ट्रक की टक्कर से मौत, नाती घायल
उपदेश टाइम्स, हमीरपुर। मकर संक्रांति के पर्व के मद्देनजर बहनों के घर खिचड़ी देने जा रहे स्कूटी सवार भाजपा नेता को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं स्कूटी में पीछे बैठा भाजपा नेता का नाती भी इस घटना में घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम कराया है। इस घटना से मृतक के परिजन बेहाल हैं। वहीं घटना के बाद हाईवे पर वाहनों का जाम लग गया।
सदर कोतवाली के कजियाना मुहल्ला निवासी 55 वर्षीय लल्लू निषाद भाजपा के पूर्व मंडल मंत्री रह चुके हैं। मौजूदा समय में वह नगर पालिका में आउटसोर्सिंग के रूप में काम कर रहे थे। लल्लू निषाद शनिवार की दोपहर अपने 11 वर्षीय नाती जीतेंद्र पुत्र पंकज के साथ स्कूटी से टिकरौली गांव निवासी बहन कुसुमकली व चंदुलीतीर गांव निवासी बहन मिथलेश के यहां मकर संक्रांति के चलते खिचड़ी देने के लिए जा रहे थे। जैसे ही यह लोग कानपुर-सागर हाईवे स्थित बेतवा पुल पर पहुंचे कि तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। स्कूटी से गिरे लल्लू निषाद के सिर पर ट्रक चढ़कर निकल गया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई और स्कूटी में बैठा नाती गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कानपुर-सागर हाईवे पर वाहनों का दो किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया। घटना की सूचना मिलने पर कुछेछा चौकी पुलिस, कोतवाली पुलिस व नगर पालिका के भाजपा से चेयरमैन कुलदीप निषाद व एसडीएम सदर पवनप्रकाश पाठक मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। घायल नाती को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। वहीं शव हटने के बाद करीब एक घंटे के अंतराल पर वाहनों का आवागमन शुरू कराया जा सका। इस घटना से मृतक के परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।

ब्याज माफी योजना-2026 का लाभ उठाकर बकाया कर का निस्तारण करें व्यापारी: जिलाधिकारी
पहले दिन शुरू हुए यमुना पुल के मरम्मतीकरण में दुरुस्त की गई 14 नंबर कोठी
कस्बे की छात्रा ने नीट परीक्षा में मारी बाजी
आकाशीय बिजली गिरने से एक मासूम समेत महिला की हुई मौत. एक गंभीर
न्यायालय गया युवक बेहोश होकर गिरा, पुलिस कर्मियों ने अस्पताल में कराया भर्ती
मार्निंग वाक पर निकला युवक बेसुध हालत में पहुंचा घर, रात में लगाई फांसी 