व्यापारियों की हर समस्या में आगे आकर मदद करेगा हमारा संगठन : बनवारी लाल

उपदेश टाइम्स, हमीरपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने सोमवार को मुख्यालय स्थित डाक बंगले में वार्ता की और जिले में संगठन बनाने के साथ व्यापारियों की हर समस्या का निदान करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि हमीरपुर जिले में जल्द ही संगठन का गठन किया जाएगा और कार्यकारिणी तैयार कर पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि रिटर्न लेट होने पर जो 18 प्रतिशत का ब्याज लगाया जा रहा है उसे खत्म किया जाए और दस लाख स्वास्थ्य बीमा और 50 लाख का दुकान बीमा किया जाए। व्यापारी हर संकट के समय में सरकार और प्रशासन के साथ खड़ा रहता है। इसके बाद भी व्यापारियों का शोषण हो रहा है। उन्होंने कहा कि सर्वे, छापे एवं सचल दल के संबंध में आए दिन प्रदेश के व्यापारियों को नई नई समस्याएं आ रही है जो उचित नही है। जब हर माह व्यापारी बढ़ाकर टैक्स दे रहा है तो फिर सर्वे छापों की कोई जरूरत नही है। ऐसे कार्य से व्यापारियों की बदनामी होती है। जीएसटी के कानूनों में व्यापारी को पांच साल तक जेल भेजने का कानून बना हुआ है तो सरासर गलत है। इस कानून को खत्म किया जाए। इस मौके पर बुंदेलखंड प्रभारी ओमप्रकाश गुप्ता, पूर्व चेयरमैन कैलाशचंद्र गुप्ता, रामबाबू गुप्ता, अवधेशचंद्र गुप्ता, प्रशांत निगम मौजूद रहे।