उपदेश टाइम्स, हमीरपुर। सदर कोतवाली के गंगवा का डेरा में मछली पकड़ने को लेकर हुए विवाद में सगे भाइयों ने घर में घुसकर पूरे परिवार की पिटाई कर दी। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया है। आरोपी फरार हो गए हैं।
गंगवा का डेरा निवासी छोटे निषाद पेशे से ट्रक ड्राइवर है। त्योहार की वजह से घर आया था। छोटे ने बताया कि रविवार की शाम को मछली पकड़ने यमुना नदी गया हुआ था। जहां पहले से उसके डेरा निवासी सगे भाई उदयभान और विजय भान भी मौजूद थे। मछली पकड़ने को लेकर दोनों भाइयों से उसका विवाद हो गया। उक्त दोनों ने उसके साथ गालीगलौज की। वह झगड़ा टालकर अपने घर आ गया। तभी शाम 6.30 बजे के आसपास उसके पीछे से उक्त दोनों भाई भी उसके घर आ धमके और लाठी-डंडों से सभी की पिटाई करनी शुरू कर दी। मारपीट में छोटे का सिर फट गया। उसकी 30 वर्षीय पत्नी गोमती और दो पुत्रियां बॉबी और रागिनी को भी चोटे आई हैं। सभी घायलों को लेकर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची। छोटे ने उक्त दोनों भाइयों के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाल अनूप सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों में मछली पकड़ने को लेकर विवाद के बाद मारपीट हुई। जिसमें छोटे और उसके परिवार को चोटे आई है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।