उपदेश टाइम्स, हमीरपुर। जिले के दो पत्रकारों को निर्वस्त्र कर पीटने के मामले में रविवार को जहां सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने फेसबुक में पोस्ट करते हुए भाजपा पर करारा प्रहार किया है। वहीं अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के लोगों ने भी कलेक्ट्रेट स्थित गोल चबूतरे में धरना प्रदर्शन करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने व पीड़ित पत्रकारों के खिलाफ दर्ज किए गए फर्जी मुकदमे को खत्म करने की आवाज उठाई है।
कलेक्ट्रेट में आयोजित धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने कहा कि 27 अक्टूबर की रात सरीला से नगर पंचायत चेयरमैन पवन कुमार अनुरागी व उसके साथी अखिलेश राजपूत, विक्रम यादव, आरके सोनी, नरेंद्र व दो अज्ञात लोगों के द्वारा दो ब्राह्मण युवकों को तीन घंटे तक बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की गई और फिर तमंचा लगाकर जबरन पेशाब पिलाई गई और निर्वस्त्र करके उन्हें मारा पीटा गया। संगठन इस घटना की पुरजोर निंदा करता है। पीड़ित दोनों युवकों पर फर्जी मुकदमा भी दर्ज कराया गया। संगठन ने मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में मांग की है। सरीला नगर पंचायत चेयरमैन व उनके साथियों के द्वारा जो घटना की गई है उस पर कठोर कार्रवाई हो और पीड़ित युवकों पर जो फर्जी मुकदमे लगे हैं उसे खत्म किया जाए। इस मौके पर ब्रजेश शुक्ला, परशुराम सेना के जिलाध्यक्ष गगन मिश्रा, रजोल मिश्रा, नीरज मिश्रा, आशीष द्विवेदी, युगांक मिश्रा, मोहित द्विवेदी, सागर मिश्रा, देवी प्रसाद शुक्ला, दिलीप कुमार पांडेय, नरेंद्र द्विवेदी, अनादि मिश्रा, विवेक बाजपेई, संदीप अवस्थी, राम मनोहर तिवारी, अभिषेक मिश्रा, सुभाषचंद्र पांडेय, श्याम द्विवेदी, विकास दुबे मौजूद रहे।