भूजल संरक्षण को जनआंदोलन बनाएं, वर्षभर जारी रहें प्रयास: डीएम
भूजल सप्ताह का समापन, उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभाग, अधिकारी और छात्र-छात्राएं सम्मानित
जल मित्र’ सम्मान से नवाजे गए तीन अधिकारी, मकनपुर के ग्राम प्रधान को भी मिला प्रशस्ति-पत्र
उपदेश टाइम्स कानपुर नगर
भूजल सप्ताह (16 से 22 जुलाई) के समापन अवसर पर बुधवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सप्ताहभर संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन को जनआंदोलन बनाने तथा सभी विभागों और जनसामान्य की निरंतर सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता द्वारा पावर प्वाइंट प्रस्तुति से हुई। इसमें 16 से 22 जुलाई तक जनपद में आयोजित जनजागरूकता रैलियों, गोष्ठियों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों, चित्रकला एवं अन्य प्रतियोगिताओं, श्रमदान, तालाबों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन, वृक्षारोपण, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के प्रयासों तथा विभिन्न विभागों की उल्लेखनीय गतिविधियों का क्रमवार विवरण प्रस्तुत किया गया।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जल संरक्षण के लिए किया गया प्रत्येक प्रयास महत्वपूर्ण है। हर छोटी पहल भविष्य की दिशा तय करती है। यदि हम आज अपने बच्चों के लिए पानी नहीं बचाएंगे, तो आने वाली पीढ़ियां गंभीर जल संकट का सामना करेंगी। इसलिए जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन को अभियान नहीं, बल्कि जनआंदोलन बनाना होगा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ वर्षभर जल संरक्षण संबंधी गतिविधियां संचालित करने तथा भूजल संवर्धन के लिए प्रभावी कार्ययोजना पर काम करने के निर्देश दिए। साथ ही भूजल सप्ताह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागों एवं अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी सक्रियता के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने कहा कि भूजल सप्ताह की भावना केवल सात दिनों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे हमारी दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा। जल है तभी कल है। यदि हमें भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना है तो आज से ही जल संचय और भूजल रिचार्ज को जनआंदोलन बनाना होगा। बच्चों को जल प्रहरी बनाकर उनमें जल संरक्षण की संस्कृति विकसित करें। भूजल किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझी पूंजी है। इसकी रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान भूजल सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, भूजल संरक्षण एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए जिला परियोजना निदेशक, जिला पंचायत राज अधिकारी तथा बेसिक शिक्षा अधिकारी को ‘जल मित्र’ सम्मान प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। ग्राम पंचायत मकनपुर के ग्राम प्रधान को भी जल संरक्षण एवं जनजागरूकता गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी, भूगर्भ जल विभाग के हाइड्रोलॉजिस्ट, लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
अंत में जिला विकास अधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भूजल सप्ताह के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विभागों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं सहभागी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन की जनजागरूकता मुहिम भविष्य में भी इसी उत्साह और जनसहभागिता के साथ निरंतर आगे बढ़ती रहेगी।

अखिलेश यादव की गिरफ्तारी पर किया विरोध पार्षद इशरत अली को किया नजरबंद
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के प्रथम आगमन पर कानपुर में ऐतिहासिक स्वागत
भूजल सप्ताह: क्राइस्ट चर्च इंटर कॉलेज में जल संरक्षण कार्यशाला, चित्रकला प्रतियोगिता एवं शपथ ग्रहण का हुआ आयोजन
आईसीडीएस, विकासखंड सरसौल, कानपुर नगर में विदाई एवं स्वागत समारोह सम्पन्न
पेपर लीक मुद्दे पर समाजवादी पार्टी की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी युवा नेत्री डॉ. आँचल वर्मा ने अनोखे अंदाज मे संसद से जंतर -मंतर तक किया पैदल मार्च
एस पी सिंह बनाये गये इंटरनेशनल मीडिया प्रेस क्लब के कानपुर जिलाध्यक्ष 