छठ पूजा से पूर्व नहरों की सफाई व घाटों की व्यवस्थाएं हों दुरुस्त : डीएम
जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी एवं नगर आयुक्त के साथ सचान चौराहा नहर व सीटीआई नहर का किया निरीक्षण
नहर किनारे जमा सिल्ट 24 घंटे में हटाने और दीपावली से पूर्व क्षतिग्रस्त रिटेनिंग वॉल की मरम्मत के निर्देश
छठ घाटों पर सफाई, प्रकाश एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ प्रतिदिन कार्यों की होगी निगरानी
उपदेश टाइम्स कानपुर नगर
आगामी छठ पूजा के दृष्टिगत घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन एवं नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय के साथ सचान चौराहा नहर तथा सीटीआई नहर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने घाट निर्माण, नहरों की सफाई, सिल्ट निस्तारण, क्षतिग्रस्त रिटेनिंग वॉल की मरम्मत एवं प्रकाश व्यवस्था से जुड़े कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
सचान चौराहा नहर पर 24 घंटे में सिल्ट हटाने के निर्देश
सचान चौराहा नहर के निरीक्षण के दौरान नहर में बड़ी मात्रा में तैरता कचरा तथा दूसरी पटरी पर लंबे समय से सिल्ट जमा पाई गई। जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को निर्देश दिए कि नहर किनारे जमा सिल्ट का उठान अगले 24 घंटे में अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण में नहर की रिटेनिंग वॉल कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त मिली, जिससे पानी का रिसाव सड़क पर हो रहा है। जिलाधिकारी ने इसकी मरम्मत दीपावली से पूर्व पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही नहर में तैरते कचरे की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा।
इसके उपरांत सीटीआई नहर के निरीक्षण में रिटेनिंग वॉल का निर्माण कार्य प्रगति पर पाया गया। यहां सफाई व्यवस्था संतोषजनक मिली तथा टीएमएक्स-20 मशीन से नहर में तैरते कचरे का उठान किया जा रहा था। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा सफाई व्यवस्था निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि छठ पूजा से पूर्व सभी घाटों का निर्माण एवं आवश्यक व्यवस्थाएं युद्धस्तर पर पूर्ण कराई जाएं। घाटों पर सुरक्षित आवागमन, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, नियमित साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए घाटों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि नगर निगम, सिंचाई विभाग एवं संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर सभी कार्यों की प्रतिदिन निगरानी की जाए। कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का नियमित स्थलीय सत्यापन हो तथा किसी भी स्तर पर शिथिलता या विलंब पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि छठ पूजा से संबंधित सभी तैयारियां समय से पूर्ण हों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के जोनल अभियंता, जोनल स्वच्छता अधिकारी तथा सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

जनपद स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में 750 से अधिक बच्चों ने दिखाई खेल प्रतिभा, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ, बच्चों का बढ़ाया उत्साह
शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाएं, युवाओं को नशे से बचाएं : डीएम
स्वगणना में कानपुर को बनाएं प्रदेश में अग्रणी, जनभागीदारी से रचें मिसाल : डीएम
मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 2200 किलो संदिग्ध खोया नष्ट
गंगा उत्सव पर अटल घाट 5100 दीपों से हुआ जगमग, महागंगा आरती के साथ सजी सांस्कृतिक संध्या
ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति कर्मचारियों को किया गया जागरूक 