राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत रक्तदान शिविर एवं मण्डल स्तरीय सड़क सुरक्षा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया
कानपुर नगर, सम्पूर्ण भारत में प्रतिदिन घटित होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में अनेक घायल व्यक्तियों की समय पर उपचार एवं रक्त उपलब्ध न हो पाने के कारण मृत्यु हो जाती है, जो अत्यन्त दुर्भाग्यपूर्ण है। इस स्थिति के दृष्टिगत उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदत्त निर्देशों के अनुपालन में तथा दिनांक 01 जनवरी, 2026 से 31 जनवरी, 2026 तक मनाए जा रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आज सम्भागीय परिवहन कार्यालय, कानपुर के सारथी भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
यह रक्तदान शिविर सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), कानपुर नगर आलोक कुमार के नेतृत्व में तथा इण्डियन मेडिकल एसोसिएशन, कानपुर के सहयोग से आयोजित किया गया। शिविर में परिवहन विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगणों के साथ-साथ कार्यालय में उपस्थित आवेदकों, चालकों एवं वाहन स्वामियों द्वारा उत्साहपूर्वक रक्तदान किया गया, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके और उनके जीवन की रक्षा हो सके। इस अवसर पर कुल लगभग 39 व्यक्तियों ने रक्तदान किया।
इसके अतिरिक्त आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया तथा सभी वाहन चालकों को धीमी गति से, सावधानीपूर्वक एवं यातायात नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी रूप से कमी लाई जा सके।
साथ ही, युवाओं में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सड़क जागरूकता अभियान के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक एवं लघु नाटिका तथा रील निर्माण की मण्डल स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार, छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन उच्च शिक्षा विभाग, कानपुर नगर एवं परिवहन विभाग, कानपुर नगर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), कानपुर राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। युवाओं की सक्रिय सहभागिता से ही सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी रूप से कमी लाई जा सकती है। इस प्रकार के रचनात्मक कार्यक्रम समाज में जागरूकता बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं तथा परिवहन विभाग भविष्य में भी इस प्रकार के अभियानों को निरंतर संचालित करता रहेगा।
निर्णायक मंडल द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर प्रतिभागियों का निष्पक्ष मूल्यांकन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान रश्मि शुक्ला, ए.एन.डी. कॉलेज, द्वितीय स्थान नंदिनी दुबे, राजकीय महिला महाविद्यालय, बांगर, कन्नौज तथा तृतीय स्थान सहेली मजूमदार, पंचायती राज राजकीय महिला महाविद्यालय, इटावा को प्राप्त हुआ। नुक्कड़ नाटक एवं लघु नाटिका प्रतियोगिता में प्रथम स्थान नितिन सिंह एवं टीम, रामसहाय राजकीय महाविद्यालय, शिवराजपुर, द्वितीय स्थान शिफा एवं टीम, पंचायती राज राजकीय महिला महाविद्यालय, इटावा तथा तृतीय स्थान सुमित एवं टीम, राजकीय महाविद्यालय, अकबरपुर, कानपुर देहात को प्राप्त हुआ। रील निर्माण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान संस्कृति जायसवाल, पी.पी.एन. कॉलेज, कानपुर, द्वितीय स्थान नंदिनी दुबे, राजकीय महिला महाविद्यालय, बांगर, कन्नौज तथा तृतीय स्थान दिनेश गोयल, के.के.पी.जी. कॉलेज, इटावा को प्राप्त हुआ।
सभी प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम के अंत में विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित कर प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की गई। कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई सम्भागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक,परमिट, नवीनीकरण एवं परिवहन संबंधी विभिन्न प्रस्तावों पर लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय
डीएम के निरीक्षण में अधिशासी अभियंता समेत चार सहायक अभियंता मिले अनुपस्थित, एक दिन के वेतन काटने का निर्देश, कहा- सभी राजपत्रित अधिकारी उपस्थिति पंजिका पर प्रतिदिन करें हस्ताक्षर
सावन के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने किया परमट स्थित श्री आनंदेश्वर महादेव मंदिर का निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु दिए आवश्यक निर्देश
कानपुर मंडल में लगभग ₹31.80 करोड़ की 25 पर्यटन विकास परियोजनाओं का रोडमैप तैयार, कानपुर नगर में सबसे अधिक पर्यटन विकास प्रस्ताव
पुरानी पेंशन बहाली को लेकर अटेवा 21 अगस्त को निकालेगा तिरंगा यात्रा व 25 सितम्बर को लखनऊ में होगी विशाल रैली
भूजल संरक्षण को जनआंदोलन बनाएं, वर्षभर जारी रहें प्रयास: डीएम 