लोकमाता राजमाता अहिल्याबाई होल्कर जी की पुण्यतिथि पर 13 अगस्त को हिंदी भवन में होगा भव्य श्रद्धांजलि समारोह
उपदेश टाइम्स कानपुर देहात
सोम होटल, अकबरपुर में समाजवादी पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न, पूर्व सांसद राजाराम पाल ने किया संबोधित
आज सोम होटल, अकबरपुर में समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में लोकमाता राजमाता अहिल्याबाई होल्कर जी की पुण्यतिथि के अवसर पर आगामी 13 अगस्त को हिंदी भवन, अकबरपुर में आयोजित होने वाले भव्य श्रद्धांजलि समारोह की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का संयोजन एडवोकेट मनबीर पाल ने किया। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, अतिथियों के स्वागत, जनसंपर्क अभियान, प्रचार-प्रसार, मंच व्यवस्था तथा विभिन्न समितियों के गठन सहित सभी आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद राजाराम पाल ने कहा कि लोकमाता राजमाता अहिल्याबाई होल्कर केवल एक महान शासिका ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सेवा, न्याय, सुशासन और जनकल्याण की जीवंत प्रतीक थीं। उन्होंने अपने शासनकाल में बिना किसी भेदभाव के समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया। देशभर में मंदिरों, घाटों, धर्मशालाओं, कुओं और जनहित से जुड़े अनेक निर्माण कार्य कर उन्होंने लोकसेवा का ऐसा आदर्श स्थापित किया, जो आज भी प्रेरणास्रोत बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि समाज जब अपने महापुरुषों और महान विभूतियों के विचारों को याद करता है, तभी नई पीढ़ी को सही दिशा और प्रेरणा मिलती है। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का जीवन त्याग, सेवा, नारी शक्ति, सामाजिक समरसता और जनहित के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। आज के समय में उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाना अत्यंत आवश्यक है।
श्री राजाराम पाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी सदैव सामाजिक न्याय, समानता और महापुरुषों के सम्मान की विचारधारा पर कार्य करती रही है। इसी उद्देश्य से 13 अगस्त को आयोजित होने वाला श्रद्धांजलि समारोह केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के विचारों और उनके आदर्शों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने का एक सार्थक प्रयास होगा। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों, युवाओं, महिलाओं तथा सम्मानित नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित होकर इसे ऐतिहासिक बनाने की अपील की।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम को पूर्णतः गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं भव्य स्वरूप दिया जाएगा। कार्यक्रम में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विद्वानों द्वारा विचार व्यक्त किए जाएंगे तथा उनके समाज सुधार, महिला सशक्तिकरण, सुशासन और जनसेवा के योगदान को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया जाएगा।
बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का जीवन इस बात का प्रमाण है कि सच्चा नेतृत्व सत्ता का नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम होता है। उनके द्वारा स्थापित आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र के लिए मार्गदर्शक हैं। ऐसे महान व्यक्तित्वों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
बैठक के अंत में संयोजक एडवोकेट मनबीर पाल ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समाज के प्रबुद्धजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम समाज की एकता, सामाजिक चेतना और महापुरुषों के प्रति सम्मान का संदेश देगा। उन्होंने सभी से अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क कर अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रम में शामिल कराने का आह्वान किया।
बैठक में प्रमुख रूप से एडवोकेट मनबीर पाल, रामकिशोर दिवाकर(प्रतिनिधि रनिया नगर पंचायत)अमर सिंह पाल, सियाराम पाल, कै० रामस्वरूप पाल, दिनेश पाल, नरेंद्र पाल, मूलचंद्र पाल,ललित पाल,जितेंद्र पाल,राधेश्याम पाल, महेश पाल, दशरथ सिंह पाल, सोवरन पाल, रामचन्द्र, अखिलेश सिंह, आशुतोष पाल, अभिनेश पाल, अंशु पाल, रिंकू पाल, कमलेश कुमार, मधुकर पाल, विधायक पाल, बलराम पाल, डॉ. संदीप पाल, धर्मेन्द्र सिंह यादव, अवधेश पाल (प्रधान), राम बाबू पाल, संदीप कुमार, अमरीश पाल, सुरेश सक्सेना, दिनेश यादव, अंकित सिंह पाल,दीपू दिवाकर सहित समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाज के सम्मानित लोग उपस्थित रहे।

सहेलियों को जागरूक करके बाल विवाह रुकवाने में बालिकाओं की भूमिका अहम – नवीन दीक्षित
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा पांडे ने मैथा चौकी का किया और चक निरीक्षण
ड्राउनिंग (डूबने) से बचाव हेतु विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का किया गया आयोजन
बहुचर्चित बिकरू कांड की आरोपी मनु पांडे ने पुलिस को चकमा देकर किया सरेंडर
निपुण भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु ‘दृष्टिकोण एवं रणनीति’ पर आधारित एक दिवसीय कार्यशाला सम्पन्न
प्राथमिक विद्यालय बिल्हापुर में सहायक अध्यापिका द्वारा बाल दिवस के अवसर पर बच्चों से कटवाया केक तथा बाटे लंच बॉक्स 