पेड़ की छांव तले सजी पोषण पंचायत, कुपोषण के खिलाफ जगी अलख, डीएम बोले, स्थानीय आहार अपनाएं, महिलाएं निभाएं नेतृत्वकर्ता की भूमिका
उपदेश टाइम्स कानपुर नगर
संभव अभियान-6 के अंतर्गत शनिवार को विकासखंड सरसौल की ग्राम पंचायत हाथीपुर में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में पोषण पंचायत आयोजित की गई। विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, किशोरियों एवं उनके अभिभावकों को कुपोषण मुक्त पंचायत के लक्ष्य के साथ संतुलित आहार, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण के प्रति जागरूक किया गया।
प्राथमिक विद्यालय हाथीपुर परिसर में पेड़ की छांव तले खुले वातावरण में आयोजित पोषण पंचायत में जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि कुपोषण कोई बीमारी नहीं, बल्कि जागरूकता की कमी का परिणाम है। इसका सीधा संबंध हमारी जीवनशैली और प्रकृति से है। यदि स्थानीय फल, मोटे अनाज, हरी सब्जियों तथा पारंपरिक पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाए तो कुपोषण और एनीमिया जैसी समस्याओं से प्रभावी बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि प्रकृति स्वस्थ होगी तो समाज भी स्वस्थ होगा।
जिलाधिकारी ने महिलाओं से आह्वान किया कि वे पोषण पंचायत से प्राप्त जानकारी का अधिकतम लाभ उठाएं, शासन की पोषण एवं स्वास्थ्य योजनाओं से जुड़ें तथा अपने परिवार और गांव को जागरूक करने में नेतृत्वकर्ता की भूमिका निभाएं। प्रत्येक महिला पोषण अभियान की संदेशवाहक बने और कुपोषण मुक्त पंचायत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाए।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ हरिदत्त नेमी ने कहा कि गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों को नियमित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेना चाहिए। समय-समय पर स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण एवं पोषण संबंधी परामर्श अपनाकर एनीमिया एवं कुपोषण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य विभाग की सभी सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रीति सिन्हा ने बताया कि स्वच्छता, संतुलित आहार एवं सही खानपान की आदतें कुपोषण से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि 1 से 8 अगस्त तक विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान गर्भवती एवं धात्री माताओं को स्तनपान की महत्ता तथा नवजात शिशुओं के समुचित पोषण के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया जा रहा है।
बाल विकास परियोजना अधिकारी सुरजीत सिंह ने कहा कि कुपोषण कोई रोग नहीं, बल्कि जागरूकता की कमी से उत्पन्न होने वाली स्थिति है। यदि जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा किशोरियों के पोषण पर समुचित ध्यान न दिया जाए तो वे कुपोषण की श्रेणी में आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि कुपोषण अप्रत्यक्ष रूप से देश की आर्थिक प्रगति को भी प्रभावित करता है।
पोषण पंचायत के दौरान विटामिन एंजेल्स संस्था द्वारा आधुनिक तकनीक की मशीन से बिना रक्त का नमूना लिए उपस्थित लोगों की हीमोग्लोबिन जांच की गई। इस तकनीक के माध्यम से एनीमिया की स्थिति का त्वरित आकलन किया गया। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकत्री सुमन यादव ने पोषण भावगीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत, ग्राम प्रधान मोहन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
बॉक्स
सवायजपुर में सीडीओ ने भी लगाई पोषण पंचायत
विकासखंड सरसौल की ग्राम पंचायत सवायजपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन की उपस्थिति में भी पोषण पंचायत आयोजित की गई। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं छह माह पूर्ण कर चुके शिशुओं का अन्नप्राशन कराया तथा स्वस्थ मातृत्व और बाल पोषण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पोषण पंचायत का उद्देश्य आमजन को कुपोषण के प्रति जागरूक करना तथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति व्यवहार परिवर्तन लाना है। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक, बाल विकास परियोजना अधिकारी शरद अवस्थी, मुख्य सेविका अंजना सचान, मोना सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।

सेवा संकल्प अभियान के तहत 100 कारीगरों को मिली रोजगार की टूल किट, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजनांतर्गत दर्जी के 58, हलवाई के 12, राजमिस्त्री व लोहार ट्रेड के 15-15 लाभार्थियों को मिले उपकरण
सेवा संकल्प अभियान में 452 लोगों ने किया रक्तदान, 23 स्थानों पर लगे शिविर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर स्वास्थ्य विभाग ने चलाया वृहद रक्तदान अभियान
नाना राव पार्क में सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदर्शनी का उद्घाटन,प्रधानमंत्री जी की योजनाओं से विकसित भारत की संकल्पना होगी साकार: रमेश अवस्थी
कानपुर मेट्रो ने राजभाषा हिंदी के प्रोत्साहन के लिए किया प्रतियोगिताओं का आयोजन , 14 सितंबर से 28 सितंबर तक मनाया जा रहा है हिंदी पखवाड़ा
आरटीओ कार्यालय में दलालों पर लगा प्रतिबंध, लगाए गए साइन बोर्ड
राष्ट्रीय अध्यक्ष के हाऊस अरेस्ट के विरोध में राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी ने घेरा गुजैनी थाना 