कानपुर में अटल वयो अभ्युदय योजना पर कार्यशाला का आयोजन किया गया
कानपुर नगर आज पुलिस ऑफिस सभागार, कानपुर नगर में अटल वयो अभ्युदय योजना (AVYAY) के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डिप्टी डायरेक्टर समाज कल्याण श्रीनिवास द्विवेदी एवं समाज कल्याण अधिकारी शिवम सागर के निर्देशन में संस्था श्रृजन सोसाइटी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत इं० ए०एन० द्विवेदी द्वारा उपस्थित लोगों के स्वागत के साथ हुई। उन्होंने संस्था द्वारा संचालित “अपना घर आश्रम” में वरिष्ठ नागरिकों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी भी दी।
कार्यशाला की अध्यक्षता पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने की। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए बनाए गए कानूनों और योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वृद्धजनों के साथ होने वाले उत्पीड़न के मामलों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें उनके अधिकारों की जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में Maintenance and Welfare of Parents and Senior Citizens Act, 2007 (MWPSC Act 2007) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उपनिदेशक समाज कल्याण श्रीनिवास द्विवेदी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और युवाओं को इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
समाज कल्याण अधिकारी शिवम सागर ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और जनपद में संचालित लगभग 100 बेड क्षमता वाले वृद्धाश्रम की जानकारी दी। वहीं सुलह अधिकारी डॉ. धीरेन्द्र कुमार दोहरे ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार, धोखाधड़ी और अन्य अपराधों से संबंधित कानूनों व दंड प्रावधानों पर प्रकाश डाला। उन्होंने वरिष्ठ नागरिक हेल्पलाइन 14567 की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के अंत में संस्था अध्यक्ष उमा शुक्ला द्विवेदी ने “अपना घर आश्रम” पर प्रस्तुति देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल, उपनिदेशक समाज कल्याण श्रीनिवास द्विवेदी, समाज कल्याण अधिकारी शिवम सागर, डॉ. धीरेन्द्र कुमार दोहरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, संस्था पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

कानपुर पुलिस का विशेष “ड्रिंक एंड ड्राइव” अभियान, 3,094 वाहनों की हुई जांच, यातायात नियमों के उल्लंघन पर 786 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई, 3 वाहन सीज, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती, 4 व्यक्तियों पर 34 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई
पेंशनर्स एसोसिएशन के महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष बनीं विमला मिश्रा 