जनगणना-2027 के लिए फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण शुरू, डीएम ने किया प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ
कानपुर नगर भारत की जनगणना–2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” के लिए जनपद में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में 172 फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार तथा कलेक्ट्रेट के मीटिंग हॉल में प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण का शुभारंभ जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने किया।
जनगणना–2027 देश की 16वीं तथा स्वतंत्रता के बाद की आठवीं जनगणना होगी। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी और पहली बार नागरिकों को स्वगणना की सुविधा भी उपलब्ध होगी। जनपद में जनगणना कार्य के लिए लगभग 13 हजार से अधिक कार्मिकों की तैनाती की जाएगी। जनगणना का प्रथम चरण 22 मई से 20 जून 2026 तक संचालित होगा, जबकि द्वितीय चरण फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 172 फील्ड ट्रेनरों को कुल पांच बैचों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
लखनऊ से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनरों द्वारा फील्ड ट्रेनरों को जनगणना की बारीकियों से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की प्रक्रिया, डिजिटल एप्लीकेशन के उपयोग, डाटा संकलन की विधि तथा सर्वेक्षण के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही भवन के उपयोग, निर्माण सामग्री, कमरों की संख्या, स्वामित्व की स्थिति, पेयजल, विद्युत, शौचालय, खाना पकाने के ईंधन तथा घरों में उपलब्ध प्रमुख परिसंपत्तियों से संबंधित कुल 33 प्रकार के विवरण दर्ज करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
प्रशिक्षण सत्र में सहायक निदेशक जनगणना एवं जिला प्रभारी दिनेश कुमार यादव, सांख्यिकी अधिकारी एवं सहायक जिला प्रभारी हिमांशु शुक्ला, डायट लेक्चरर एवं मास्टर ट्रेनर राहुल यादव, अनूप पटेल, अजीजुर रहमान तथा सहायक अध्यापक एवं मास्टर ट्रेनर सौरव यादव द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के उपरांत फील्ड ट्रेनर जनपद के प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे।
जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि जनगणना देश की सबसे व्यापक और महत्वपूर्ण सांख्यिकीय प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से आवास की स्थिति, मूलभूत सुविधाओं, शिक्षा, रोजगार और अन्य सामाजिक-आर्थिक पहलुओं से संबंधित सटीक आंकड़े प्राप्त होते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण कार्यक्रम को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करते हुए जनगणना के प्रथम चरण के लिए सभी तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।
इस अवसर पर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विवेक चतुर्वेदी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने आज स्व. चन्द्र प्रकाश पाठक जी के शहीद दिवस के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की
13 साल बाद फिर शुरू होगा गोविंद नगर का पराग डेयरी प्लांट
कानपुर में ‘अटल वयो अभ्युदय योजना’ के तहत संवाद सत्र व प्रतियोगिता का आयोजन, बुजुर्गों के सम्मान और नैतिक मूल्यों पर दिया गया जोर
80 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने अपनी दोनों बहुओं पर लगाया प्रताड़ित करने का आरोप
कानपुर की वरिष्ठ फिज़िशियन डॉ. नंदिनी रस्तोगी को “उत्कृष्ट महिला डायबेटोलॉजिस्ट ऑफ़ द ईयर – 2026” सम्मान
पूरे प्रदेश में समाज कल्याण सेवा समिति लावारिश शवों का अन्तिम संस्कार करायेगी