मौदहा जाते समय कार सवार व्यापारियों से लूट, तीन घंटे कार में बंधक बना की मारपीट

हमीरपुर। कार से बहन के घर मौदहा जाते समय बीती रात दो युवा व्यापारियों को कार सवार पांच बदमाशों ने लघुशंका के दौरान दबोच लिया। बदमाश इन्हें अपहृत कर पिपरौंदा मार्ग में ले जाकर जमकर मारा पीटा। उसके बाद नकदी, सोने की जंजीर अंगूठियां लूटकर कार से उतार कर फरार हो गए। इस दौरान दोनों को जबरिया शराब भी पिलाई गई। सुबह होश आने के बाद व्यापारी थाने पहुंचे और घटना से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस दोनों व्यापारियों को साथ लेकर घटनास्थल पहुंचकर मामले की छानबीन में जुटी हुई है। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।
पंधरी गांव निवासी श्यामू सिंह का कस्बे के चांद थोक निवासी अभिषेक द्विवेदी के साथ बैटरी का थोक का कारोबार है। श्यामू सिंह ने बताया कि गुरुवार की रात करीब 11:00 बजे वह अभिषेक द्विवेदी के साथ मौदहा अपनी बहन के यहां कार से जा रहे थे। हाईवे 34 से उतरकर वह गांधी मार्ग से मौदहा जा रहे थे। बताया कि गांधी मार्ग में प्रवेश करने बाद वह कार खड़ी करके लघुशंका करने लगे। तभी पीछे से कार सवार पांच लोग आ धमके और उन्हें दबोच लिया और आंखों में पट्टी बांधकर दोनों को अपनी कार में डाल लिया। एक बदमाश उनकी कार को ड्राइव करने लगा। वह लोग उनको हाईवे से लेकर पिपरौंदा होकर पाटनपुर की ओर ले गए। सड़क किनारे मुन्नी द्विवेदी के नलकूप के पास कर खड़ी करके दोनों को जमकर मारा पीटा।श्याम ने बताया कि बदमाश 56 हजार नकद, एक सोने की चेन तथा अभिषेक द्विवेदी से एक सोने की जंजीर वजन 25 ग्राम, चार अदद सोने की अंगूठी वजन 10 ग्राम तथा 12 हजार नकद लूट लिए है। इसके बाद बदमाशों ने उन्हें जमकर मारा पीटा। श्यामू सिंह को काफी छोटे लगी हैं। इस दौरान दोनों को जबरिया शराब भी पिलाई और नशे की हालत दोनों को नलकूप में कार सहित छोड़कर चले गए। सुबह होश आने पर दोनों थाने पहुंचे और घटना से थानाध्यक्ष अनूप सिंह को बताया। व्यापारियों के साथ हाईवे किनारे लूट की खबर पाकर सीओ सदर राजेश कमल, एसओजी टीम के साथ थाने पहुंचे और व्यापारियों से पूछताछ की।इसके बाद दोनों को साथ लेकर घटनास्थल पहुंचे। पुलिस गांधी मार्ग पर एक किसान के नलकूप पर लगे सीसीटीवी कैमरा को खंगाल रही है। लेकिन पुलिस के हाथ कुछ खास नहीं लग सका। पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर गहराई के साथ जांच पड़ताल में जुटी हुई है।