सफलता की राह में समय का प्रबंधन और एकाग्रता जरूरी, छात्राओं को अफसरों ने दिए करियर के मंत्र
मिशन शक्ति के तहत बीएनएसडी शिक्षा निकेतन में करियर गाइडेंस कार्यक्रम, आईएएस-आईपीएस अधिकारियों से छात्राओं ने किया संवाद
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, टाइम मैनेजमेंट, स्ट्रेस मैनेजमेंट और करियर के विकल्पों पर मिला मार्गदर्शन
उपदेश टाइम्स कानपुर नगर
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सही पुस्तकों का चयन, समय का बेहतर प्रबंधन, एकाग्रता और तनाव से निपटने की क्षमता सफलता की राह आसान बनाती है। गुरुवार को बीएनएसडी शिक्षा निकेतन में छात्राओं को आईएएस और आईपीएस अधिकारियों ने करियर में सफलता के ऐसे ही व्यावहारिक मंत्र दिए। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की ओर से आयोजित करियर गाइडेंस कार्यक्रम में छात्राओं ने अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं और अधिकारियों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, लक्ष्य निर्धारण तथा भविष्य की संभावनाओं पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, आईएएस अधिकारी संदीप, आईपीएस अधिकारी शिवा सिंह, आईपीएस अधिकारी अंजना दहिया, उपजिलाधिकारी एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी पुष्पेंद्र कुमार सिंह तथा मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अनुराग सिंह ने छात्राओं से संवाद कर उनका मार्गदर्शन किया। अधिकारियों ने नियमित अध्ययन, विषयों की प्राथमिकता तय करने, उपयोगी पुस्तकों के चयन और समयबद्ध तैयारी पर जोर दिया। छात्राओं को बताया गया कि बड़े लक्ष्य को छोटे-छोटे चरणों में बांटकर तैयारी करने से प्रगति का आकलन आसान होता है। साथ ही अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करने तथा निरंतर अभ्यास करने की सलाह दी गई।
संवाद के दौरान टाइम मैनेजमेंट और स्ट्रेस मैनेजमेंट पर भी विशेष चर्चा हुई। पढ़ाई के दौरान ध्यान भटकने, परीक्षा के दबाव और असफलता के डर जैसी चुनौतियों से निपटने के उपाय बताए गए। अधिकारियों ने छात्राओं को अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने, सकारात्मक सोच विकसित करने और कठिन परिस्थितियों में भी प्रयास जारी रखने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए विषयों की समझ, नियमित पुनरावृत्ति और समसामयिक घटनाओं की जानकारी को भी महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में प्रमुख वक्ता संदीप ने कौशल विकास मिशन के अंतर्गत उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी, जबकि अरुण ने मुख्यमंत्री युवा योजना के माध्यम से स्वरोजगार एवं उद्यमिता की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। करियर काउंसलर गरिमा ने छात्राओं को उनकी रुचि, योग्यता और क्षमताओं के अनुरूप करियर विकल्प चुनने का मार्गदर्शन दिया। उन्होंने परंपरागत क्षेत्रों के साथ कौशल आधारित रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी पुष्पेंद्र कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन किरन बाला ने किया।

17 और 24 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों पर लगेंगे विशेष कैंप, मतदाता सूची में जुड़वा सकेंगे नाम
गौ-आधारित प्राकृतिक खेती अपनाकर कृषि उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ाएं किसान : सूर्य प्रताप शाही
शारदीय नवरात्र एवं महिला किसान दिवस पर आयोजित हुआ महिला सम्मान समारोह
कानपुर के होटल-रेस्टोरेंट में स्वच्छता पर जोर, ग्राहकों को मिलेगा सुरक्षित भोजन
कानपुर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई का आश्वासन
केसीए अंडर-15 कैंप में खिलाड़ियों की बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फिटनेस का हुआ परीक्षण तीसरे दिन 30 खिलाड़ियों की दो टीमें बनाकर कराया जाएगा अभ्यास मैच 