शारदीय नवरात्र एवं महिला किसान दिवस पर आयोजित हुआ महिला सम्मान समारोह
शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा और महिला सुरक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाली महिलाओं को मिला सम्मान
उपदेश टाइम्स कानपुर नगर
शारदीय नवरात्र एवं महिला किसान दिवस के अवसर पर आज मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय स्थित यूटिलिटी सभागार में महिला सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा, महिला सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 41 महिलाओं एवं 21 महिला पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक घाटमपुर सरोज कुरील, विधायक गोविंद नगर सुरेंद्र मैथानी, महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष कमलावती सिंह तथा राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने महिला आरक्षण के माध्यम से निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की पहल के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मिशन शक्ति अभियान के तीन प्रमुख स्तंभ महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन निरंतर सुदृढ़ हुए हैं। प्रदेश सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित करने, समाज में उनका सम्मान बढ़ाने तथा शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोजगार के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। मिशन शक्ति अभियान से महिलाओं में सुरक्षा और आत्मविश्वास की भावना मजबूत हुई है। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने तथा अन्य महिलाओं को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि समाज और राष्ट्र के विकास में आधी आबादी की भागीदारी निरंतर बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण को नई दिशा मिली है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है, वहीं राशन कार्ड में महिलाओं को परिवार की मुखिया के रूप में प्राथमिकता देने, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और स्वयं सहायता समूहों जैसी पहलों से महिलाओं का सम्मान एवं आर्थिक सशक्तीकरण बढ़ा है। उन्होंने कहा कि जिस परिवार में महिलाओं का सम्मान होता है, वहां सुख और समृद्धि का वास होता है।
विधायक घाटमपुर सरोज कुरील ने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, खेल, प्रशासन, सुरक्षा और उद्यमिता सहित प्रत्येक क्षेत्र में सफलता का परचम लहरा रही हैं। नारी किसी से कमजोर नहीं है। अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर महिलाएं हर चुनौती का सामना करने तथा समाज को नई दिशा देने में सक्षम हैं।
विधायक गोविंद नगर सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता विकसित समाज की आधारशिला है। मिशन शक्ति अभियान ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी बढ़ाने का कार्य किया है।
महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष कमलावती सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला कल्याण एवं सशक्तीकरण की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। विभिन्न सरकारी योजनाओं, कौशल विकास एवं स्वरोजगार के अवसरों से महिलाएं आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बन रही हैं।
राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक एवं सार्वजनिक जीवन में भागीदारी बढ़ी है। महिला सुरक्षा के लिए सुदृढ़ कानून व्यवस्था, महिला हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति अभियान और विभिन्न सहायता सेवाओं से महिलाओं में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना मजबूत हुई है। उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा एवं सहायता से संबंधित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इनमें वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र महिलाओं को इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी रोशनी सिंह तथा कल्याणपुर आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकत्री पुनीता सिंह ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि किस प्रकार अवसर, प्रशिक्षण और योजनाओं के सहयोग से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है।
समारोह में पारितोष इंटर कॉलेज की छात्रा दिशा पांडेय को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। दिशा ने हाईस्कूल की परीक्षा में जनपद में प्रथम तथा प्रदेश में छठा स्थान प्राप्त किया था। कार्यक्रम के दौरान वीएनएसडी शिक्षा निकेतन की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं छात्राओं ने मार्शल आर्ट के माध्यम से आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) की विभिन्न तकनीकों का प्रभावशाली प्रदर्शन कर महिला सुरक्षा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया।
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित महिलाओं में डॉ. अर्चना सिंह, साधना देवी, उपासना, पुनीता सिंह, रत्ना गुप्ता, अनामिका, नीतू शर्मा, कामायनी शर्मा, गुड़िया देवी, मनप्रीत कौर, संजीवनी शर्मा, सुनील तिवारी, सुलेखा कुशवाहा, कंचन, नेहा शुक्ला, नीतू शुक्ला, मीना सिंह, दिशा पांडेय, अंजनी सोनकर, गीता देवी, वैशाली कुशवाहा, पूजा कटियार, रानी मिश्रा, शैल शुक्ला तथा रागिनी श्रीवास्तव सहित अन्य महिलाएं शामिल रहीं।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव, एडीसीपी स्नेहा तिवारी, जिला विकास अधिकारी ए.पी. रस्तोगी, परियोजना निदेशक डीआरडीए आलोक कुमार सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास सिंह तथा डीपीओ प्रीति सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

17 और 24 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों पर लगेंगे विशेष कैंप, मतदाता सूची में जुड़वा सकेंगे नाम
गौ-आधारित प्राकृतिक खेती अपनाकर कृषि उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ाएं किसान : सूर्य प्रताप शाही
सफलता की राह में समय का प्रबंधन और एकाग्रता जरूरी, छात्राओं को अफसरों ने दिए करियर के मंत्र
कानपुर के होटल-रेस्टोरेंट में स्वच्छता पर जोर, ग्राहकों को मिलेगा सुरक्षित भोजन
कानपुर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई का आश्वासन
केसीए अंडर-15 कैंप में खिलाड़ियों की बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फिटनेस का हुआ परीक्षण तीसरे दिन 30 खिलाड़ियों की दो टीमें बनाकर कराया जाएगा अभ्यास मैच 