पुराने गंगा पुल के बगल में आकार ले रहा नया फोर लेन सेतु, कानपुर-शुक्लागंज का सफर होगा सुगम
235 करोड़ की परियोजना का डीएम ने किया निरीक्षण, फरवरी 2028 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
1,196 मीटर लंबे सेतु से मध्य कानपुर को शुक्लागंज-उन्नाव होते हुए लखनऊ की मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
उपदेश टाइम्स कानपुर नगर
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को कानपुर नगर से शुक्लागंज, उन्नाव को जोड़ने वाले पुराने गंगा पुल के निकट निर्माणाधीन चार लेन गंगा सेतु परियोजना का निरीक्षण किया। करीब 235 करोड़ रुपये की लागत से राज्य सेतु निगम द्वारा बनाए जा रहे इस सेतु का लगभग 15 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। फरवरी 2026 में शुरू हुई परियोजना को फरवरी 2028 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परियोजना की भौतिक प्रगति, पिलर निर्माण एवं आगे की कार्ययोजना की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित चार लेन सेतु की कुल लंबाई 1,196 मीटर और चौड़ाई 20 मीटर होगी। सेतु के लिए कुल 24 पिलर बनाए जाने हैं, जिनमें से 14 पिलर पर प्रारंभिक संरचनात्मक कार्य किया जा चुका है।
वर्तमान में गंगा का जलस्तर बढ़ा होने के कारण नदी क्षेत्र में निर्माण कार्य प्रभावित है। जलस्तर कम होते ही निर्माण कार्य पुनः तेज किया जाएगा। जिलाधिकारी ने राज्य सेतु निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलस्तर सामान्य होते ही पर्याप्त संसाधन और मैनपावर लगाकर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि यह सेतु कानपुर और उन्नाव के बीच आवागमन को सुगम बनाने की महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके पूर्ण होने से मध्य कानपुर के लोगों को शुक्लागंज और उन्नाव होते हुए लखनऊ की ओर बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। उन्होंने जलस्तर कम होते ही निर्माण कार्य में तेजी लाने और परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
पुराना गंगा पुल लंबे समय से कानपुर की पहचान और हेरिटेज का हिस्सा रहा है। क्षतिग्रस्त होने के कारण वर्ष 2021 से इस पुल पर आवागमन बंद है। पुराने पुल के बगल में ही नया चार लेन सेतु बनाया जा रहा है। इसके तैयार होने से मध्य कानपुर से शुक्लागंज और उन्नाव की ओर आवागमन सुगम होगा तथा शुक्लागंज-उन्नाव होते हुए लखनऊ की ओर जाने वाले यातायात को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। कानपुर और उन्नाव के बीच कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के लिए करीब 750 करोड़ रुपये की लागत से ट्रांस गंगा क्षेत्र में एक अन्य सेतु परियोजना पर भी कार्य किया जा रहा है।

एमएसएमई विकास पर एक दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित
11 सितम्बर को कानपुर आएंगे एससी/एसटी आयोग के सदस्य रमेश चन्द्र कुंडे, जनसुनवाई कर योजनाओं की करेंगे समीक्षा, सफाई कर्मचारियों की समस्याओं एवं उत्पीड़न संबंधी मामलों की भी होगी समीक्षा
डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय, बुखार सर्वेक्षण व निरोधात्मक गतिविधियां तेज, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर, फॉगिंग एवं सोर्स रिडक्शन के साथ ओआरएस व क्लोरीन टैबलेट का वितरण
नहर में बहता प्लास्टिक रोकेगा ‘ट्रैश बूम’, बिल्हौर देहात ने पेश किया कचरा प्रबंधन का मॉडल, दो माह में नहर से निकाला 8 टन से अधिक प्लास्टिक, पांच विकास खंडों का 40 टन प्लास्टिक अपशिष्ट भी पहुंचा मैनेजमेंट यूनिट
सेवायोजन कार्यालय में डीएम का औचक निरीक्षण, पांच कार्मिक मिले अनुपस्थित, एक दिन का वेतन काटने के निर्देश
जरीब चौकी के जाम से मिलेगी राहत, 320 करोड़ से आकार ले रही फ्लाईओवर परियोजना 