जरीब चौकी के जाम से मिलेगी राहत, 320 करोड़ से आकार ले रही फ्लाईओवर परियोजना
चार लेन रेल ऊपरगामी सेतु के साथ जीटी रोड पर फोर लेन और घंटाघर रोड पर बनेगा टू लेन फ्लाईओवर
डीएम ने सीवर लाइन शिफ्टिंग का लिया जायजा, दिसंबर के अंत तक यूटिलिटी शिफ्टिंग पूरी करने के निर्देश
उपदेश टाइम्स कानपुर नगर
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को जरीब चौकी के निकट संपार संख्या 02 स्पेशल पर चार लेन रेल ऊपरगामी सेतु, जीटी रोड पर चार लेन फ्लाईओवर तथा घंटाघर रोड पर दो लेन फ्लाईओवर के निर्माण की करीब 320 करोड़ रुपये की महत्वपूर्ण परियोजना की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने मौके पर चल रहे सीवर लाइन शिफ्टिंग कार्य का भी जायजा लिया और दिसंबर के अंत तक यूटिलिटी शिफ्टिंग का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
शहर के व्यस्ततम यातायात क्षेत्रों में शामिल जरीब चौकी पर ट्रैफिक के दबाव को कम करने की दृष्टि से यह परियोजना महत्वपूर्ण है। परियोजना के अंतर्गत रेलवे क्रॉसिंग पर चार लेन रेल ऊपरगामी सेतु के साथ जीटी रोड पर चार लेन तथा घंटाघर रोड की ओर दो लेन फ्लाईओवर का निर्माण किया जाना है। परियोजना पूरी होने के बाद जरीब चौकी चौराहे पर यातायात का दबाव कम होने के साथ आवागमन सुगम होगा।
वर्तमान में जरीब चौकी चौराहे पर जल निगम (नगरीय) द्वारा सीवर लाइन शिफ्टिंग का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत कालपी रोड पर ममता साड़ी की दुकान से जरीब चौकी तक कुल 591 मीटर लंबी सीवर पाइपलाइन बिछाई जा रही है।
इसके अतिरिक्त जरीब चौकी चौराहे से रामादेवी की ओर भाटिया मोटर्स तक 442 मीटर, घंटाघर की ओर वारसी फर्नीचर से जरीब चौकी चौराहे तक 520 मीटर तथा जीटी रोड पर ट्रेंड्स शोरूम से जरीब चौकी चौराहे तक 523 मीटर सीवर लाइन की शिफ्टिंग की जानी है।
जिलाधिकारी ने सीवर लाइन शिफ्टिंग की प्रगति की जानकारी लेते हुए जल निगम (नगरीय) सहित संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिसंबर के अंत तक यूटिलिटी शिफ्टिंग का कार्य पूरा कर लिया जाए, ताकि इसके बाद राज्य सेतु निगम द्वारा फ्लाईओवर एवं रेल ऊपरगामी सेतु के मुख्य निर्माण कार्य को गति दी जा सके।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जरीब चौकी शहर के सर्वाधिक यातायात दबाव वाले स्थानों में से एक है और यह परियोजना यहां की यातायात व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। परियोजना के पूर्ण होने से जरीब चौकी पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा के अनुसार कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

एमएसएमई विकास पर एक दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित
11 सितम्बर को कानपुर आएंगे एससी/एसटी आयोग के सदस्य रमेश चन्द्र कुंडे, जनसुनवाई कर योजनाओं की करेंगे समीक्षा, सफाई कर्मचारियों की समस्याओं एवं उत्पीड़न संबंधी मामलों की भी होगी समीक्षा
डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय, बुखार सर्वेक्षण व निरोधात्मक गतिविधियां तेज, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर, फॉगिंग एवं सोर्स रिडक्शन के साथ ओआरएस व क्लोरीन टैबलेट का वितरण
नहर में बहता प्लास्टिक रोकेगा ‘ट्रैश बूम’, बिल्हौर देहात ने पेश किया कचरा प्रबंधन का मॉडल, दो माह में नहर से निकाला 8 टन से अधिक प्लास्टिक, पांच विकास खंडों का 40 टन प्लास्टिक अपशिष्ट भी पहुंचा मैनेजमेंट यूनिट
सेवायोजन कार्यालय में डीएम का औचक निरीक्षण, पांच कार्मिक मिले अनुपस्थित, एक दिन का वेतन काटने के निर्देश
पुराने गंगा पुल के बगल में आकार ले रहा नया फोर लेन सेतु, कानपुर-शुक्लागंज का सफर होगा सुगम 