जीआईसी चुन्नीगंज में आकार ले रहा 4.92 करोड़ का इंडोर मिनी स्टेडियम, समयबद्ध निर्माण के निर्देश
बैडमिंटन, टेबल टेनिस समेत कई खेलों की मिलेगी सुविधा, भूमि चयन पर अधिशासी अभियंता से स्पष्टीकरण
उपदेश टाइम्स कानपुर नगर
राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) चुन्नीगंज परिसर में 4.92 करोड़ रुपये की लागत से इंडोर मिनी स्टेडियम आकार ले रहा है। इसमें बैडमिंटन कोर्ट, टेबल टेनिस सहित विभिन्न इंडोर खेलों की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को निर्माणाधीन परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए गुणवत्ता के साथ परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की इस परियोजना का निर्माण उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद, निर्माण खंड कानपुर-01 द्वारा कराया जा रहा है। परियोजना का निर्माण कार्य 06 मार्च 2026 को शुरू हुआ था और इसे 01 जनवरी 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्माण की गति तेज करने के साथ प्रत्येक स्तर पर गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इंडोर मिनी स्टेडियम के लिए चयनित स्थान को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने पाया कि जिस स्थान पर स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है, उसके पीछे भी पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि निर्माण के लिए पीछे उपलब्ध भूमि का चयन किया गया होता तो सामने की भूमि की उपयोगिता भविष्य में अन्य आवश्यक कार्यों के लिए बेहतर ढंग से की जा सकती थी।
जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के संबंधित अधिकारियों से भूमि चयन के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने यह स्पष्ट करने के निर्देश दिए कि परिसर में पीछे पर्याप्त भूमि उपलब्ध होने के बावजूद इंडोर मिनी स्टेडियम के निर्माण के लिए सामने की भूमि का चयन किन परिस्थितियों और आधार पर किया गया।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ कार्य की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण में अनावश्यक विलंब न हो और परियोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए।
इंडोर मिनी स्टेडियम के निर्माण से जीआईसी के विद्यार्थियों को परिसर में ही बैडमिंटन, टेबल टेनिस सहित विभिन्न इंडोर खेलों के अभ्यास की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे विद्यार्थियों एवं खेल प्रतिभाओं को बेहतर खेल अवस्थापना उपलब्ध हो सकेगी।

भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम बनकर तैयार, इसी माह होगा लोकार्पण
लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 231वीं पुण्यतिथि पर 13 अगस्त को हिंदी भवन अकबरपुर में होगा भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम
रिश्ते में न पड़े गांठ, विवाह से पहले मिलेगा संवाद का मंत्र, डीएम ने वन स्टॉप सेंटर में किया ‘तेरे मेरे सपने’ केंद्र का शुभारंभ
समाजवादी पार्टी ने पूर्व सांसद फूलन देवी की जयंती मनाई गई
अब घर बैठे पहचानिए मिलावटी खाद्य पदार्थ, फूड सेफ्टी वैन ने सिखाए आसान परीक्षण, मोतीझील में लाइव डेमो, दूध, मसाले, घी, चाय और मिठाइयों की जांच के बताए घरेलू तरीके
कानपुर की महिलाओं ने संभाली ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की कमान, 174 स्वयं सहायता समूहों की 734 महिलाएं तिरंगा निर्माण के कार्य में जुटीं 