भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम बनकर तैयार, इसी माह होगा लोकार्पण
500 छात्रों की क्षमता, वातानुकूलित ऑडिटोरियम में आधुनिक स्टेज, लाइटिंग और साउंड सिस्टम की सुविधा
डीएम ने किया निरीक्षण दिए आवश्यक निर्देश
उपदेश टाइम्स कानपुर नगर
राजकीय इंटर कॉलेज, कानपुर नगर परिसर में 8.10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम बनकर तैयार हो गया है। करीब 500 छात्रों की बैठने की क्षमता वाले इस आधुनिक ऑडिटोरियम का इसी अगस्त माह में लोकार्पण कराया जाएगा। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को ऑडिटोरियम का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कार्यदायी संस्था यूपी स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा निर्मित ऑडिटोरियम को विद्यार्थियों और शिक्षकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। वातानुकूलित ऑडिटोरियम में करीब 500 छात्रों के बैठने की व्यवस्था के साथ आधुनिक एवं सुव्यवस्थित स्टेज तैयार किया गया है। कार्यक्रमों के बेहतर आयोजन के लिए आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था और साउंड सिस्टम की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके शुरू होने से विद्यालय में शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों, संगोष्ठियों, प्रतियोगिताओं तथा अन्य बड़े आयोजनों के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान ऑडिटोरियम की सीटिंग व्यवस्था, स्टेज, वातानुकूलन, लाइटिंग और साउंड सिस्टम सहित अन्य सुविधाओं के विषय में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण कर उन्हें पूरी तरह क्रियाशील रखने तथा अगस्त माह में ऑडिटोरियम का लोकार्पण कराने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि 8.10 करोड़ रुपये की यह परियोजना वर्ष 2016 में प्रारंभ की गई थी, लेकिन बाद में निर्माण कार्य लंबे समय तक लंबित रहा। फरवरी 2025 में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया तो निर्माण लंबे समय से ठप पाया गया। इसके बाद जिलाधिकारी के स्तर से परियोजना को पुनः गति देने के लिए प्रशासनिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई और शासन स्तर पर आवश्यक पत्राचार किया गया। लंबित प्रकरणों के निस्तारण के साथ निर्माण कार्य ने दोबारा गति पकड़ी। अब परियोजना का निर्माण पूर्ण हो चुका है और ऑडिटोरियम लोकार्पण के लिए तैयार है।
ऑडिटोरियम के संचालन में आने से राजकीय इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों और शिक्षकों को परिसर में ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त आयोजन स्थल उपलब्ध होगा। विशेष रूप से विद्यार्थियों के सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों के लिए 500 सीटों की क्षमता वाला यह वातानुकूलित ऑडिटोरियम महत्वपूर्ण सुविधा के रूप में उपलब्ध होगा। इस दौरान एडीआईओएस प्रशांत द्विवेदी उपस्थित रहे।

जीआईसी चुन्नीगंज में आकार ले रहा 4.92 करोड़ का इंडोर मिनी स्टेडियम, समयबद्ध निर्माण के निर्देश
लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 231वीं पुण्यतिथि पर 13 अगस्त को हिंदी भवन अकबरपुर में होगा भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम
रिश्ते में न पड़े गांठ, विवाह से पहले मिलेगा संवाद का मंत्र, डीएम ने वन स्टॉप सेंटर में किया ‘तेरे मेरे सपने’ केंद्र का शुभारंभ
समाजवादी पार्टी ने पूर्व सांसद फूलन देवी की जयंती मनाई गई
अब घर बैठे पहचानिए मिलावटी खाद्य पदार्थ, फूड सेफ्टी वैन ने सिखाए आसान परीक्षण, मोतीझील में लाइव डेमो, दूध, मसाले, घी, चाय और मिठाइयों की जांच के बताए घरेलू तरीके
कानपुर की महिलाओं ने संभाली ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की कमान, 174 स्वयं सहायता समूहों की 734 महिलाएं तिरंगा निर्माण के कार्य में जुटीं 