कानपुर पुलिस का विशेष “ड्रिंक एंड ड्राइव” अभियान, 3,094 वाहनों की हुई जांच, यातायात नियमों के उल्लंघन पर 786 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई, 3 वाहन सीज, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती, 4 व्यक्तियों पर 34 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई
कानपुर। पुलिस आयुक्त कानपुर नगर के निर्देश पर गुरुवार रात कमिश्नरेट पुलिस द्वारा विशेष “ड्रिंक एंड ड्राइव” एवं संदिग्ध वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत रात 10 बजे से 12 बजे तक शहर के प्रमुख चौराहों, व्यस्त मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में सघन जांच की गई। पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों ने बैरियर लगाकर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की तथा वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया।
अभियान के दौरान पूर्वी जोन में 828 वाहनों की जांच कर 159 वाहनों पर कार्रवाई की गई तथा 2 वाहन सीज किए गए। पश्चिम जोन में 674 वाहनों की जांच में 102 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1 वाहन सीज किया गया। सेंट्रल जोन में 822 वाहनों की जांच के दौरान 271 वाहन चालकों पर कार्रवाई हुई, जबकि दक्षिण जोन में 770 वाहनों की जांच कर 254 वाहनों के खिलाफ चालान एवं विधिक कार्रवाई की गई।
पूरे कमिश्नरेट क्षेत्र में कुल 3,094 वाहनों की जांच की गई, जिनमें 786 वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। वहीं 3 वाहनों को सीज किया गया तथा 4 व्यक्तियों के खिलाफ 34 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, शराब पीकर वाहन न चलाने और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे ऑटो चालक राकेश सोनी, श्याम नगर में किया वृक्षारोपण
पेंशनर्स एसोसिएशन के महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष बनीं विमला मिश्रा
पांडू नगर ईएसआई अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज परियोजना को मिली नई गति, 700 करोड़ की स्वीकृति से स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र को मिलेगा बड़ा लाभ