हैलेट में निर्माण कार्यों की धीमी गति पर डीएम ने जताई नाराजगी
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने आज अपराह्न हैलेट में निर्माणाधीन परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। मौके पर निर्माण कार्य में अत्यधिक विलंब और कागज़ों में असत्य प्रगति दर्ज मिलने पर उन्होंने तीखी नाराजगी जताई और राजकीय निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक को कड़ी फटकार लगाई।
डीएम दोपहर दो बजे हैलेट पहुंचे। यहां 18.56 करोड़ रुपये की लागत से सर्जरी विभाग में प्राइवेट लेक्चर हॉल और प्रशासनिक भवन (जी+2) का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी राजकीय निर्माण निगम को सौंपी गई है। परियोजना प्रबंधक आरके गुप्ता द्वारा सौंपे गए अभिलेखों में कार्य की प्रगति सात प्रतिशत दिखाई गई थी और यह दर्शाया गया था कि नींव की खुदाई का कार्य हो चुका है। लेकिन जब जिलाधिकारी मौके पर पहुंचे, तो वहां जमीन पर कोई काम होता नहीं मिला। न नींव की खुदाई हुई थी और न ही किसी भी तरह की गतिविधि नज़र आई।
इस पर जिलाधिकारी ने सख्त नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि परियोजना की पहली किस्त के रूप में 2.51 करोड़ रुपये लगभग पांच महीने पहले ही जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद जमीन पर कोई काम न होना लापरवाही का प्रमाण है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सर्जरी ब्लॉक के रिनोवेशन कार्य की स्थिति का भी जायजा लिया। 3.79 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को 31 मई तक पूरा किया जाना था, लेकिन अब तक कार्य अधूरा है। जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में यह कार्य 30 सितंबर तक पूरा कर लिया जाए।
इसके अलावा उन्होंने आर्थोपेडिक ब्लॉक और जच्चा-बच्चा वार्ड में स्वीकृत कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की और कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शासन की मंशा के अनुरूप निर्माण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा। इस प्रक्रिया में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अब घर बैठे पहचानिए मिलावटी खाद्य पदार्थ, फूड सेफ्टी वैन ने सिखाए आसान परीक्षण, मोतीझील में लाइव डेमो, दूध, मसाले, घी, चाय और मिठाइयों की जांच के बताए घरेलू तरीके
कानपुर की महिलाओं ने संभाली ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की कमान, 174 स्वयं सहायता समूहों की 734 महिलाएं तिरंगा निर्माण के कार्य में जुटीं
जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव का आयोजन, नन्द बाबा दुग्ध मिशन के 28 लाभार्थियों को मिले चयन पत्र
व्यापारियों ने कपड़ा मार्केट जनरल गंज में जनसंपर्क किया
टीकाकरण से इनकार करने वाले परिवारों तक पहुंचेगी जोनल हेल्थ कमेटी
चावल में रंग मिलाकर बन रही थी हल्दी, 5.86 लाख का स्टॉक जब्त, छह नमूने जांच को भेजे, पनकी की मसाला निर्माण इकाई पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की बड़ी कार्रवाई 