आधी अधूरी नहर में पानी छोड़ने से जलमग्न हुई सैकड़ों किसानों की फसलें
उपदेश टाइम्स, हमीरपुर। आधी अधूरी नहर में पानी छोड़ने से नहर का पानी सैकड़ों किसानों के खेतों में भर गया। जिससे किसानों की फसलें जलमग्न हो गईं। पीड़ित किसानों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट जाकर जिलाधिकारी को संबोधित प्रार्थना पत्र देते हुए लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मौदहा विकासखंड के बड़ी आबादी वाले सिसोलर व भमई गांव के दर्जनों किसानों को सिंचाई विभाग के गैर जिम्मेदार व लापरवाह अधिकारियों की मनमानी ने बर्बाद कर दिया। आधी अधूरी बनी अर्जुन सहायक परियोजना की नहर में पानी छोड़े जाने से खेत जलमग्न हो गए। इससे किसानों को बड़ी क्षति हुई है। किसान विभाग की अनदेखी को कोस रहे हैं। महोबा जनपद के लहचूरा बांध से अर्जुन सहायक परियोजना की 53 किमी लंबी नहर का मौदहा ब्लाक का सिसोलर टेल वाला गांव है। सोमवार को परियोजना के अध्यक्ष के निरीक्षण के चलते अधिकारियों ने इस आधी अधूरी नहर में पानी छोड़ दिया था। जिसके चलते सिसोलर गांव के दर्जनों किसानों की सैकड़ों बीघा में बोई गई फसलें जलमग्न हो गई है। इससे किसानों में आक्रोश व्याप्त है।
किसानों ने बताया कि नहर में आधा दर्जन पुलियों का निर्माण कार्य नहीं हुआ है। इसके बावजूद अर्धनिर्मित नहर में पानी छोड़ दिया गया। नहर का ओवर फ्लो पानी चंद्रावल नदी में गिराने की योजना थी। नदी में पानी गिराने के बजाय बीच में ही पानी रोक दिया गया। जिससे पुलिया निर्माण के लिए अर्धनिर्मित पड़ी नहर का पूरा पानी खेतों में भर गया। किसान रात भर जागकर ऐसी सर्दी में नहर का पानी रोकने की कोशिश में लगे रहे।
चौबीस घंटे बाद भी किसी जिम्मेदार अधिकारी ने किसानों की सुध नहीं ली है। यहां तक कि सिंचाई विभाग के अधिकारी पीड़ित किसानों के फोन तक नहीं उठा रहे हैं। पीड़ित किसानों ने डीएम को शिकायती पत्र देकर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस मौके पर राजबहादुर सिंह, बरदानी, अशोक सिंह, रामबहादुर, अनुरुद्ध, इंद्रवीर, मुलायम सिंह, रामदयाल समेत तमाम किसान मौजूद रहे।

पहले दिन शुरू हुए यमुना पुल के मरम्मतीकरण में दुरुस्त की गई 14 नंबर कोठी
कस्बे की छात्रा ने नीट परीक्षा में मारी बाजी
आकाशीय बिजली गिरने से एक मासूम समेत महिला की हुई मौत. एक गंभीर
न्यायालय गया युवक बेहोश होकर गिरा, पुलिस कर्मियों ने अस्पताल में कराया भर्ती
मार्निंग वाक पर निकला युवक बेसुध हालत में पहुंचा घर, रात में लगाई फांसी
नमामि गंगे कर्मचारियों के साथ की गई मारपीट 