उपदेश टाइम्स, हमीरपुर। अपने बेटे व उसके साथी के साथ अपनी मौसी के घर से वापस लौट रही बाइक सवार महिला को तेज रफ्तार मौरंग से भरे डंपर ने टक्कर मार दी। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया है।
थाना सुमेरपुर के मुंडेरा गांव निवासी 45 वर्षीय मीरा पत्नी मनफूल सोमवार को अपने 15 वर्षीय बेटे छोटू व उसके 18 वर्षीय साथी मयंक पुत्र दयाराम के साथ अपनी मौसी के घर कुरारा थानाक्षेत्र के शेखूपुर गांव गई थी। मंगलवार की सुबह तीनों लोग बाइक से वापस मुंडेरा जा रहे थे। जैसे ही यह लोग रानी लक्ष्मीबाई पार्क के पास पहुंचे कि तभी सुमेरपुर की ओर से आ रहे मौरंग से भरे ओवरलोड डंपर ने इनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी। जिसमें मीरा को गंभीर चोटें आई हैं और बेटा भी घायल हो गया। वहीं बेटे का साथी मयंक बाल बाल बच गया। घटना के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से मीरा की हालत नाजुक होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया। इस घटना में महिला के दोनों हाथ कुचल गए। वहीं घटना के बाद चालक डंपर लेकर भागने लगा। जिसे वहां मौजूद लोगों ने घेरकर पकड़ लिया। लोगों का आक्रोश देख वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने आरोपित चालक को रानी लक्ष्मीबाई पार्क के पास बनी पिंक चौकी में कैद कर दिया। जिसे बाद में कोतवाली ले जाया गया।