जनपद स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में 750 से अधिक बच्चों ने दिखाई खेल प्रतिभा, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ, बच्चों का बढ़ाया उत्साह
10 ग्रामीण एवं 4 नगरीय क्षेत्रों के परिषदीय विद्यालयों के बच्चों ने किया प्रतिभाग, बिल्हौर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं : जिलाधिकारी
उपदेश टाइम्स कानपुर नगर
परिषदीय विद्यालयों के बच्चों की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय जनपद स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में 750 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में 10 ग्रामीण एवं 4 नगरीय क्षेत्रों के विद्यालयों के बच्चों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने प्रतियोगिता का शुभारंभ कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें खेलों के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना भी विकसित होती है। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने तथा अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें उचित अवसर और मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर खेल एवं शिक्षा दोनों क्षेत्रों में आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों की प्रतिभा पहचानकर उन्हें प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेलों में सहभागिता से स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, सहयोग और अनुशासन की भावना विकसित होती है। विद्यालय स्तर पर खेल गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
दौड़, कबड्डी, खो-खो सहित विभिन्न स्पर्धाओं में बच्चों ने दिखाया दमखम
प्रतियोगिता के अंतर्गत विभिन्न आयु वर्गों में दौड़, कबड्डी, खो-खो, गोला फेंक एवं चक्का फेंक सहित अनेक खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इनमें सभी विकासखंडों के खिलाड़ियों ने उत्साह एवं खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में बिल्हौर विकासखंड के खिलाड़ियों का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। इस उपलब्धि पर खंड शिक्षा अधिकारी श्री रवि कुमार सिंह ने खिलाड़ियों, शिक्षकों एवं अपनी टीम को बधाई दी।
कार्यक्रम में पीएम श्री विद्यालय खेरसा एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय नर्वल के बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। अतिथियों ने प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए बच्चों एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिओम सिंह के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता में समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों, जिला समन्वयकों, शिक्षकों, खेल अनुदेशकों एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के संचालन एवं व्यवस्थाओं में सह-संयोजक विकास तिवारी, राजेश यादव एवं सुरेश गौड़ का विशेष योगदान रहा।
प्रतियोगिता का उद्देश्य परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना रहा।

छठ पूजा से पूर्व नहरों की सफाई व घाटों की व्यवस्थाएं हों दुरुस्त : डीएम
शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाएं, युवाओं को नशे से बचाएं : डीएम
स्वगणना में कानपुर को बनाएं प्रदेश में अग्रणी, जनभागीदारी से रचें मिसाल : डीएम
मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 2200 किलो संदिग्ध खोया नष्ट
गंगा उत्सव पर अटल घाट 5100 दीपों से हुआ जगमग, महागंगा आरती के साथ सजी सांस्कृतिक संध्या
ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति कर्मचारियों को किया गया जागरूक 