ब्याज माफी योजना-2026 का लाभ उठाकर बकाया कर का निस्तारण करें व्यापारी: जिलाधिकारी
ब्यूरो चीफ कुलदीप ओमरे
हमीरपुर। व्यापारियों एवं करदाताओं को ब्याज माफी योजना-2026 का लाभ दिलाने तथा दीपावली पर्व के दौरान सुरक्षित, स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 29 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार की अध्यक्षता में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार, हमीरपुर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य कर विभाग के अधिकारियों, कर अधिवक्ता संघ तथा व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ योजना के प्रचार-प्रसार एवं त्योहार के दौरान व्यापारिक गतिविधियों को सुगम बनाने के संबंध में चर्चा की गई। बैठक में सहायक आयुक्त राज्य कर दीपक कुमार सिंह ने ब्याज माफी योजना-2026 की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 31 दिसंबर 2025 तक के संचित बकायों के निस्तारण के लिए यह योजना लागू की गई है। योजना के अंतर्गत निर्धारित शर्तों एवं पात्रता के अनुसार बकाया कर जमा करने पर ब्याज एवं अर्थदंड में छूट का लाभ प्राप्त किया जा सकता है। व्यापारियों से अपील की गई कि वे राज्य कर विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर योजना की शर्तों की जानकारी प्राप्त करें तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर इसका लाभ उठाएं। जिलाधिकारी ने कर अधिवक्ता संघ एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के व्यापारियों को इस योजना के प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यापारी इसका लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा उनके लिए प्रक्रियाओं को सुगम बनाना महत्वपूर्ण है। त्योहार के दौरान व्यापारियों से आवश्यक अभिलेख एवं कागजात अद्यतन रखने तथा नियमानुसार व्यापारिक गतिविधियां संचालित करने की भी अपील की गई। दीपावली पर्व को देखते हुए जिलाधिकारी ने पटाखा विक्रेताओं से केवल अनुमन्य एवं नियमानुसार बिक्री योग्य ग्रीन पटाखों को प्राथमिकता देने तथा तेज आवाज और अत्यधिक ध्वनि एवं वायु प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि पटाखों से निकलने वाला धुआं और तेज आवाज आमजन के स्वास्थ्य के साथ-साथ पशु-पक्षियों के लिए भी हानिकारक है। अतः सभी व्यापारी पर्यावरण संरक्षण एवं जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निर्धारित नियमों का पालन करें।
खाद्य पदार्थों, मिठाइयों एवं मावे की गुणवत्ता के संबंध में जिलाधिकारी ने व्यापारियों से विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने दुकानों एवं मिठाई निर्माण स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा खाद्य पदार्थों को तैयार करने और परोसने में आवश्यक स्वच्छता संबंधी सावधानियां अपनाने की अपील की। मिठाइयों पर नियमानुसार निर्माण एवं उपयोग की अंतिम तिथि संबंधी जानकारी अंकित करने तथा मिलावटखोरी से दूर रहने पर भी जोर दिया, ताकि त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री राकेश कुमार, सूचना अधिकारी श्री सतीश कुमार, कर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सुनील शर्मा, महामंत्री सुभान खान, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल हमीरपुर के अध्यक्ष के.जी. अग्रवाल, मौदहा के नगर अध्यक्ष जितेन्द्र गुप्ता, हमीरपुर के नगर अध्यक्ष धीरेन्द्र गुप्ता, राठ के नगर अध्यक्ष काशी प्रसाद गुप्ता सहित उमाशंकर गुप्ता, अंकित ओमर, महेश कुमार, रोहित गुप्ता तथा व्यापार मंडल के अन्य पदाधिकारी, व्यापारी एवं कर अधिवक्ता उपस्थित रहे।

पहले दिन शुरू हुए यमुना पुल के मरम्मतीकरण में दुरुस्त की गई 14 नंबर कोठी
कस्बे की छात्रा ने नीट परीक्षा में मारी बाजी
आकाशीय बिजली गिरने से एक मासूम समेत महिला की हुई मौत. एक गंभीर
न्यायालय गया युवक बेहोश होकर गिरा, पुलिस कर्मियों ने अस्पताल में कराया भर्ती
मार्निंग वाक पर निकला युवक बेसुध हालत में पहुंचा घर, रात में लगाई फांसी
नमामि गंगे कर्मचारियों के साथ की गई मारपीट 