कानपुर में 256 नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मिले नियुक्ति पत्र, जिले की 4,104 कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को मिलेगा बढ़े मानदेय और कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ
उपदेश टाइम्स कानपुर नगर
जनपद में मंगलवार को 256 नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। मर्चेंट चैंबर हॉल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने 30 नवनियुक्त कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। वहीं घाटमपुर, बिल्हौर व नर्वल तहसील तथा कल्याणपुर विकास खंड में आयोजित कार्यक्रमों में भी नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। जनपद में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के 256 पदों पर चयन किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान अयोध्या में आयोजित आंगनबाड़ी सम्मान समारोह का प्रसारण भी देखा गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय और सामाजिक सुरक्षा को लेकर चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। बढ़े हुए मानदेय एवं कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ कानपुर नगर की 4,104 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को मिलेगा।
मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में चार हजार रुपये प्रतिमाह की वृद्धि कर इसे 12 हजार रुपये तथा सहायिकाओं के मानदेय में दो हजार रुपये की वृद्धि कर छह हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है। कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को पूर्व में मिलने वाली दो साड़ियों के स्थान पर अब तीन साड़ियों के लिए 1,500 रुपये की धनराशि सीधे उनके खाते में उपलब्ध कराई जाएगी। डिजिटल कार्यप्रणाली को सुगम बनाने के लिए सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई।
*उत्कृष्ट कार्य करने वाली सात आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सम्मानित*
मर्चेंट चैंबर हॉल में आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली सात आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें बिधनू ब्लॉक की आशा देवी एवं चन्द्रवती देवी, शहर प्रथम की अन्नू, वन्दना साहू एवं वन्दना सविता तथा शहर द्वितीय की शांति एवं पार्वती देवी शामिल रहीं।
इन कार्यकत्रियों को सैम (SAM) बच्चों की स्क्रीनिंग, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, ईसीसीई (ECCE) गतिविधियों के संचालन तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को नियमानुसार एवं नियमित रूप से संचालित करने में सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
*नवजात बेटियों को पोषण किट, बच्चों का अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं की गोदभराई*
कार्यक्रम में महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी सम्मानित किया गया। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत नवजात बालिकाओं आरती, दीपाली, कीर्ति, रवीना और आयशा को विशेष पोषण किट एवं गिफ्ट हैंपर प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इसी क्रम में बालिका अलिना अंसारी का जन्मदिन अतिथियों की उपस्थिति में मनाया गया। बच्चों में सही पोषण की शुरुआत के संदेश के साथ बालक कृष्णा एवं मृदुल का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया।
सुरक्षित मातृत्व एवं गर्भावस्था के दौरान बेहतर पोषण के प्रति जागरूकता के लिए गर्भवती महिलाओं नेहा, सीमा, कमलेश गुप्ता, गौरी और शीलम की गोदभराई कर उन्हें पोषण किट प्रदान की गई। बेहतर पोषण एवं देखभाल के फलस्वरूप सैम (गंभीर कुपोषित) श्रेणी से सामान्य श्रेणी में आए बच्चों के माता-पिता को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
मर्चेंट चैंबर हॉल में मुख्य कार्यक्रम जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रीति सिन्हा के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के आयोजन एवं समन्वय में परियोजना निदेशक आलोक कुमार सिंह एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास सिंह की भूमिका रही। सीडीपीओ बिधनू रत्ना श्रीवास्तव एवं सीडीपीओ शहर प्रथम पुष्पा देवी ने अपनी टीम के साथ आयोजन में सहयोग किया। कार्यक्रम में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग तथा महिला कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।

जाजमऊ में साइबर ठगी के कॉल सेंटर पर क्राइम ब्रांच का छापा, 11 लोग हिरासत में पकड़े गए गिरोह के तार एक बड़े साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े होने की प्रबल आशंका
शुक्लागंज पुल से गंगा में कूदा युवक, तलाश में जुटे गोताखोर स्कूटी पुल पर खड़ी कर अंकुर ने लगाई छलांग, तेज बहाव के चलते मंगलवार शाम तक नहीं मिला सुराग
एसपीसीए में तैनात होगा पूर्णकालिक चिकित्सक, 15 दिन में पूरी होगी चयन प्रक्रिया, रायपुरवा केंद्र में 252 पशु-पक्षियों का हुआ उपचार, स्कूली बच्चों को भी कराया जाएगा भ्रमण
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में डेंगू रोगी मिलने पर बुखार सर्वेक्षण, जांच एवं सोर्स रिडक्शन अभियान
20 फुट के गड्ढे पर कांग्रेस का प्रदर्शन, नरमुंड की माला पहन जिलाध्यक्ष ने किया सत्याग्रह
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय, बुखार सर्वेक्षण एवं निरोधात्मक गतिविधियां तेज, मच्छरों से बचाव के लिए लोगों को किया जागरूक, फॉगिंग व लार्वानाशक छिड़काव के निर्देश 