156 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, सीएसए स्टेडियम मैदान में सजे भव्य सामूहिक विवाह के रंग
कानपुर नगर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शुक्रवार को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर स्थित स्टेडियम मैदान में 156 जोड़ों का विवाह सामाजिक एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। प्रातः 08:00 बजे से शुरू हुए इस आयोजन में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और परिजनों की बड़ी उपस्थिति रही और पूरा परिसर पारंपरिक उल्लास के साथ व्यवस्थित आयोजन का उदाहरण बना रहा।
समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजना के तहत ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों एवं भौतिक सत्यापन के बाद पात्र लाभार्थियों को कार्यक्रम में शामिल किया गया। आयोजन में अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के गरीब परिवारों के जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। कुल 156 जोड़ों में अनुसूचित जाति के 117, अन्य पिछड़ा वर्ग के 31, सामान्य वर्ग के 2 तथा अल्पसंख्यक वर्ग के 6 जोड़े शामिल रहे।
विकासखंडवार आंकड़ों में चौबेपुर से सर्वाधिक 46, शिवराजपुर से 35, नगर निगम क्षेत्र से 30, बिल्हौर से 21, सरसौल से 19, भीतरगांव से 4 तथा नगर पालिका शिवराजपुर से 1 जोड़े का विवाह संपन्न हुआ।
समारोह में विधायक कल्याणपुर नीलिमा कटियार, विधायक घाटमपुर सरोज कुरील तथा जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण मौजूद रहे। जिला प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, अपर जिलाधिकारी (नगर) राजेश कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर अनुभव सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं समस्त खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सभी जोड़ों का बायोमेट्रिक एवं ऐप के माध्यम से सत्यापन कराया गया। विवाह स्थानीय परंपरा एवं विधि-विधान के अनुरूप संपन्न हुए। नवविवाहित जोड़ों एवं उनके परिजनों के लिए नाश्ता, सूक्ष्म जलपान, भोजन, रंगोली एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की समुचित व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के अंत में सभी जोड़ों को उपहार सामग्री वितरित की गई और आयोजन शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
अधिकारियों ने निभाई अभिभावक की भूमिका, किया कन्यादान
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के दौरान जिन कन्याओं के अभिभावक मौजूद नहीं थे, उनके लिए प्रशासनिक अधिकारी आगे आए और अभिभावक की भूमिका निभाते हुए कन्यादान किया।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ अनुराग सिंह ने गोपालनगर निवासी नीलम का कन्यादान किया, जिनका विवाह मनीष साहू से संपन्न हुआ। वहीं परियोजना अधिकारी डीआरडीए आलोक कुमार सिंह ने भारती का कन्यादान किया, जिनका विवाह चौबेपुर निवासी धीरज के साथ हुआ।
एक नजर में सामूहिक विवाह
कुल जोड़े : 156
अनुसूचित जाति : 117
अन्य पिछड़ा वर्ग : 31
सामान्य वर्ग : 02
अल्पसंख्यक वर्ग : 06

केसीए अंडर-15 कैंप में खिलाड़ियों की बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फिटनेस का हुआ परीक्षण तीसरे दिन 30 खिलाड़ियों की दो टीमें बनाकर कराया जाएगा अभ्यास मैच
पेंशनर्स के मेडिकल बिल लंबित होने पर सेवानिवृत्त कर्मचारी एसोसिएशन में आक्रोश, जिलाधिकारी से चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों का तत्काल भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग
ई-ऑफिस पर फाइलों का नियमित संचालन सुनिश्चित करें अधिकारी : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) समिति की बैठक सम्पन्न, एक सप्ताह में सत्यापन एवं कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश
राजकीय पॉलिटेक्निक में रोजगार मेले का आयोजन किया गया 1273 अभ्यर्थी चयनित
वाल्मीकि जयंती पर 70 जोड़ों का होगा सामूहिक विवाह, तैयारियों को लेकर सौंपी गई जिम्मेदारियां 