काव्य गोष्ठी में रचनाकारों ने प्रस्तुत की रचनाएं व कविताएं

उपदेश टाइम्स,हमीरपुर। रामनवमी की पावन पर्व के सप्ताहांत में काव्य संध्या का आयोजन मुख्यालय के बलदाऊ मंदिर में रविवार को बुंदेलखंड अभिव्यक्ति साहित्य संस्थान के तत्वाधान में आयोजित किया गया। जिसकी अध्यक्षता बालकृष्ण जोशी चंचल ने की। काव्य संध्या का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि करते हुए रेवती रमन पाठक शेखर ने मां शक्ति वंदना प्रस्तुत कर किया।
इस मौके पर आचार्य देवनारायण सोनी ने पढ़ा कि आए अन्न तो पहुंचे खाली पेट तक। आए धन तो पहुंचे हर गरीब तक। हरिराम गुप्ता निरपेक्ष ने कहा कि सिया दुलारे राम प्रिय अंजनी के लाल। ज्ञान शिरोमणि पवनसुत शरणागत प्रतिपाल। वीरेंद्र कुमार पाल सजर सुमेरपुर ने कहा नदी बिकी है गांव की खोदी गई खदान। अचानक हुई बाढ़ में डूबे सभी मकान। सुरौली गांव निवासी शिवकरण सिंह सरस ने कहा कि मैं प्यासा प्रभु प्यास बुझा दो सोने से अब मुझे जगा दो। हास्य कवि दिनेश कुमार दुबे घाटमपुरिया ने कहा राजनीति में मिलेगा यह दुर्लभ संयोग। साठ लाख में बिक गए दो कौड़ी के लोग। संस्था की संस्थापक नारायण प्रसाद जोशी ने कहा कि जख्मों को सहेज के रखो, कुदरने को फिरते हैं लोग। हमीरपुर के अवधेश कुमार साहू बेचैन ने कहा कि चैत्र महीना बीत रहा है, खुशियों का पल जीत रहा है। मानव से बचकर चूजा भी मैदाने जंग जीत रहा है। इस मौके पर जगदीश चंद्र जोशी, ज्ञानेंद्र द्विवेदी, संस्था के अध्यक्ष प्रेमपाल द्विवेदी, कमल किशोर कमल, बालकिशन जोशी चंचल, गणेश सिंह विद्यार्थी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।