वेरोनिका के पांच पदकों से चमका लखनऊ, जिम्नास्टिक में पहली बार टीम चैंपियनशिप का रजत पदक के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम के खिलाडियों ने रचा इतिहास
उपदेश टाइम्स लखनऊ
प्रदेशीय सीनियर महिला/पुरुष जिम्नास्टिक प्रतियोगिता का आयोजन 19 से 21 नवम्बर 2026 तक वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, गोरखपुर में किया गया। प्रतियोगिता में के.डी. सिंह ‘बाबू’ स्टेडियम, लखनऊ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल छह पदक हासिल कर लखनऊ का गौरव बढ़ाया।
बालिका वर्ग में स्टेडियम की प्रतिभाशाली खिलाड़ी वेरोनिका वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच पदक अपने नाम किए। उन्होंने अनइवन बार्स में स्वर्ण, फ्लोर एक्सरसाइज में स्वर्ण, बैलेंसिंग बीम में कांस्य, ऑल राउंड में स्वर्ण तथा टीम चैंपियनशिप में रजत पदक प्राप्त किया। वहीं बालक वर्ग में उबैद इदरीसी ने फ्लोर एक्सरसाइज में कांस्य पदक जीतकर स्टेडियम को गौरवान्वित किया।
लखनऊ जिम्नास्टिक के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि
इस प्रतियोगिता की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि के.डी. सिंह ‘बाबू’ स्टेडियम के खिलाड़ियों ने पहली बार टीम चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया। इस ऐतिहासिक टीम चैंपियनशिप रजत पदक जीतने वाली टीम में वेरोनिका वर्मा, दिविषा साहू, आध्या, कृष्णाया एवं मीतांशी ने शानदार प्रदर्शन किया।
इसके साथ ही वेरोनिका वर्मा ने ऑल राउंड में स्वर्ण पदक जीतकर स्टेडियम के लिए एक नई उपलब्धि दर्ज की। ऑल राउंड चैंपियन बनने के लिए खिलाड़ी को सभी निर्धारित उपकरणों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करना होता है। वेरोनिका ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर यह सफलता हासिल की।
वेरोनिका वर्मा इससे पहले भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। सीबीएसई राष्ट्रीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में उन्होंने कांस्य पदक प्राप्त किया था। उत्तर प्रदेश जिम्नास्टिक फेडरेशन द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में भी उन्होंने पदक हासिल किए थे। अब गोरखपुर में पांच पदक जीतकर उन्होंने अपनी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है।
पूरी टीम की मेहनत से मिला ऐतिहासिक रजत पदक
जिम्नास्टिक कोच नमिता यादव एवं जिम्नास्टिक कोच रविकांत यादव ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।
कोच रविकांत यादव ने कहा कि किसी भी प्रतियोगिता में जीत किसी एक खिलाड़ी की मेहनत से नहीं मिलती, बल्कि पूरी टीम के सामूहिक प्रयास, अनुशासन और समर्पण का परिणाम होती है।
उन्होंने कहा कि वेरोनिका वर्मा, उबैद इदरीसी, दिविषा साहू, आध्या, कृष्णाया, मीतांशी सहित स्टेडियम के अन्य सभी खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के लिए कड़ी मेहनत की। टीम के सभी खिलाड़ियों के सामूहिक प्रयासों से ही पहली बार टीम चैंपियनशिप में रजत पदक प्राप्त हुआ।
उन्होंने अभिभावकों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे उनके माता-पिता का महत्वपूर्ण योगदान है। अभिभावक लगातार बच्चों को अभ्यास के लिए स्टेडियम भेज रहे हैं और विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कराने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।
कोच ने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल पदक जीतना नहीं, बल्कि बच्चों को बेहतर खिलाड़ी बनाना और उन्हें प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के योग्य तैयार करना है।
पदक विवरण
– स्वर्ण पदक – 03
– रजत पदक – 01
– कांस्य पदक – 02
– कुल पदक – 06
इस शानदार प्रदर्शन से के.डी. सिंह ‘बाबू’ स्टेडियम के जिम्नास्टिक परिवार में खुशी का माहौल है। कोचों ने सभी खिलाड़ियों एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
जीत कभी किसी एक की मेहनत से नहीं होती। जब खिलाड़ी का संघर्ष, कोच का मार्गदर्शन, अभिभावकों का विश्वास और पूरी टीम का समर्पण एक साथ जुड़ता है, तभी इतिहास रचा जाता है।

अशनिक सहगल ने CBSE नेशनल जिम्नास्टिक चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक, TGA का बढ़ाया गौरव
मुख्यमंत्री ने कानपुर में बिल्हौर व बिठूर विधानसभा क्षेत्रों की 411 करोड़ रु0 से अधिक लागत की 48 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया
डा. अम्बेडकर राष्ट्रीय एकता मंच की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक सम्पन्न
लखनऊ : डॉ अम्बेडकर राष्ट्रीय एकता मंच (DAREM) के राष्ट्रीय कार्यालय में मान्यवर कांशीराम जी की पुण्यतिथि मनाई गई
International Media Press Club Reg
राज्य स्तरीय जिमनास्टिक प्रतियोगिता में वेरोनिका वर्मा का जलवा, के. डी. सिंह बाबू स्टेडियम लखनऊ की जिम्नास्ट वेरोनिका वर्मा ने जीता कांस्य पदक 