वर्षीतप साधना पर वैज्ञानिक शोध का द्वितीय वर्ष प्रारम्भ
जैन परंपरा में तप की साधना का अत्यंत उच्च स्थान है, और उनमें भी वर्षीतप को संभवतः सबसे महत्वपूर्ण और अद्वितीय तप माना जाता है। यह केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि दीर्घकालिक आत्म अनुशासन, संयम और साधना का ऐसा प्रयोग है जिसे विश्वभर में हर वर्ष हजारों श्रद्धालु श्रद्धा और संकल्प के साथ करते हैं। अनेक साधक तो इस तप को लगातार कई वर्षों तक करते रहते हैं। इतनी दीर्घ अवधि तक नियमित रूप से किया जाने वाला तप या साधना-प्रयोग विश्व में विरल ही देखने को मिलता है।
इतनी व्यापक और दीर्घकालिक साधना होने के बावजूद आश्चर्य की बात है कि इसके शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक प्रभावों पर अब तक कोई व्यवस्थित वैज्ञानिक शोध नहीं हुआ था। इसी कमी को ध्यान में रखते हुए अध्यात्म साधना केंद्र, नई दिल्ली ने इस विषय पर वैज्ञानिक अध्ययन की पहल की है।
जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर भगवान ऋषभदेव की तपस्या से प्रेरित वर्षीतप साधना पर चल रहा यह शोध अब अपने द्वितीय वर्ष में प्रवेश कर रहा है। पिछले वर्ष प्रारम्भ हुए अध्ययन के प्रथम चरण में बेंगलुरु के लगभग 200 वर्षीतप आराधकों ने सहभागिता की थी, जिसे आयोजनकर्ताओं ने अत्यंत सफल बताया है।
इस वर्ष चैत्र वदी 8 से वर्षीतप आराधना का नया क्रम प्रारम्भ हो चुका है। इसके साथ ही शोध के दूसरे वर्ष में 150 से अधिक नए वर्षीतप साधकों के इस अध्ययन से जुड़ने का अनुमान है। इसके अतिरिक्त, जो आराधक पिछले वर्ष इस शोध का हिस्सा थे और इस वर्ष भी निरंतर वर्षीतप कर रहे हैं, उन्हें भी अध्ययन में सम्मिलित किया जाएगा, जिससे दीर्घकालिक प्रभावों को और गहराई से समझा जा सके।
यह अध्ययन अध्यात्म साधना केंद्र, नई दिल्ली के निर्देशन में श्री के. सी. जैन के नेतृत्व में संचालित हो रहा है। इस महत्वपूर्ण पहल में जैन विश्व भारती संस्थान (लाडनूं), श्री महावीर स्वामी वर्षीतप चैरिटेबल ट्रस्ट (बैंगलोर) तथा खरतर सुविहित टीम (बैंगलोर) का सहयोग प्राप्त है।
आयोजनकर्ताओं के अनुसार, यह पहल तप आराधना और मानव स्वास्थ्य के बीच संबंध को वैज्ञानिक दृष्टि से समझने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आशा है कि यह शोध न केवल वर्षीतप की आध्यात्मिक महत्ता को रेखांकित करेगा, बल्कि उसके स्वास्थ्य, मनोविज्ञान और जीवनशैली पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों को भी प्रमाणित रूप से सामने लाएगा।

“गुरु अनुकंपा से प्राप्त दायित्व को पूर्ण निष्ठा और जागरूकता के साथ निभाऊँगा” -महेन्द्र नाहटा
अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल ने रचा इतिहास, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुई महिला शक्ति
अखिल भारतीय पाल महासभा शाखा कानपुर नगर लोकमाता पुण्यश्लोका राजमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर के सम्मान में संसद परिसर में समाजवादी पार्टी के सांसदगणों द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन का आभार व्यक्त किया
गणतंत्र दिवस पर गणतंत्र गौरव सम्मान-2026 से सम्मानित हुए चंडीगढ़ के मान्यताप्राप्त साहित्यकार शिक्षक डॉ. संदीप कुमार
ललित गर्ग ‘पत्रकार शिरोमणि’ सम्मान से अलंकृत होंगे
धर्म ध्वजा की स्थापना पर हनुमान चालीसा वा सुंदरकांड का पाठ मिष्ठान वितरण 