कानपुर नगर उपदेश टाइम्स
छठ पूजा महापर्व को लेकर तैयारियां समय से पूरी न करने पर भाजपा सांसद रमेश अवस्थी और विधायक सुरेंद्र मैथानी ने अधिकारियों के पेंच कसे। सांसद ने अर्मापुर नहर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने नगर निगम पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए लाइट में करप्शन की बात कही। विधायक ने ठेकेदारों को सख्त हिदायत दी कि चाहे पूरी रात काम चले, लेकिन सुबह तक यह सारे घाट, पूजन हेतु, पूरी तरह तैयार हो जाने चाहिए। सीटीआई नहर पर गंदगी को देखकर, विधायक भड़क गए। उन्होंने वहीं से सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता मनोज सिंह को और ए ई राव को तुरंत मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया। विधायक ने डीएम राकेश कुमार सिंह से भी शिकायत की। अर्मापुर घाट पर सांसद ने अधिकारी से फोन पर नाराजगी जताते हुए यहां पर लगाई गई लाइटों में भ्रष्टाचार का आरोप लगा दिया। सांसद ने कहा कि लोगों ने शिकायतें की हैं कि यहां पर 70 प्रतिशत लाइटें खराब हैं, यह बहुत बड़ा भ्रष्टाचार है। सांसद ने फोन पर कहा कि अगर इसके लिए हम लोग लिखेंगे तो दिक्कत आएगी। इस दौरान सांसद ने छठ पूजा समिति पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि यहां पर पूरी भव्यता के साथ छठ पूजा का आयोजन होगा। लाइटें लगाने के साथ महिलाओं के लिए शौचालय की व्यवस्था की गई जाएगी। छठ महोत्सव को लेकर नहर घाटों पर तैयारियां आखिरी चरण में चल रही हैं। मंगलवार को नहाय खाय के साथ शुरू होने वाली छठ पूजा को लेकर इस समय अर्मापुर नहर, सीटीआई नहर, शास्त्री नगर, लाजपत नगर समेत अन्य स्थानों पर तैयारियां चल रही हैं।