9 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत: अधिक से अधिक वादों के निस्तारण हेतु निकली जन-जागरूकता रैली, पारिवारिक, बैंकिंग व चालानी मामलों के त्वरित निस्तारण का सुनहरा अवसर
उपदेश टाइम्स कानपुर
कानपुर नगर, आगामी 09 मई 2026 (द्वितीय शनिवार) को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में जन-जागरूकता हेतु एक विशाल रैली का शुभारंभ जनपद न्यायालय परिसर से जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अनमोल पाल द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश अनमोल पाल ने मीडिया से वार्ता करते हुए बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत आम जनता को सुलह-समझौते के माध्यम से अपने वादों का अंतिम निस्तारण कराने का एक सशक्त मंच प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि व्यापक प्रचार-प्रसार के बावजूद जो लोग अब तक इस पहल से नहीं जुड़ सके हैं, उन्हें जागरूक करने के उद्देश्य से इस रैली का आयोजन किया गया है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से लोक अदालत में पहुंचकर अपने मामलों का निस्तारण कराने की अपील की।
अपर जिला जज एवं सत्र न्यायाधीश/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत, रश्मि सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं के अंतर्गत आयोजित लोक अदालत एक प्रकार से जनहित का महोत्सव है। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में निस्तारित मामलों के विरुद्ध कोई अपील नहीं होती, जिससे वादियों को स्थायी समाधान प्राप्त होता है। उन्होंने जानकारी दी कि पिछली लोक अदालत में लगभग 2 लाख वादों का निस्तारण किया गया था और इस बार इससे अधिक वादों के निस्तारण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि पारिवारिक विवाद, शमनीय अपराध (चालान आदि), बैंक रिकवरी एवं राजस्व से जुड़े मामलों का अधिकतम निस्तारण लोक अदालत के माध्यम से किया जाता है।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अभिनव तिवारी ने बताया कि 9 मई को एक विशाल मेगा नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी प्रमुख विशेषता यह है कि बिना जटिल प्रक्रियाओं के सुलह-समझौते के आधार पर मामलों का शीघ्र निस्तारण संभव है। उन्होंने कहा कि इस बार कानपुर नगर में बार एसोसिएशन का अभूतपूर्व सहयोग प्राप्त हुआ है, जिसके परिणामस्वरूप व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया है। इसी क्रम में एक भव्य कार रैली का आयोजन भी किया गया है।
उन्होंने आगे बताया कि लोक अदालत में आपराधिक, सिविल, पारिवारिक न्यायालयों से संबंधित मामले, बैंकिंग एवं प्री-लिटिगेशन वादों का निस्तारण किया जाएगा। प्री-लिटिगेशन वाद वे होते हैं, जिनका निस्तारण न्यायालय में मुकदमा दायर होने से पूर्व ही कर दिया जाता है, जिससे अनावश्यक विवाद एवं समय की बचत होती है।
कार्यक्रम की शुरुआत कानपुर बार एसोसिएशन व लायर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा जनपद न्यायाधीश को बुके भेंट करते हुए की गई। कानपुर बार एसोसिएशन व लायर्स एसोसिएशन के महामंत्री विनय मिश्रा व राजीव यादव द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत की जागरूकता हेतु कानपुर नगर में यह कार रैली पहली बार आयोजित की गई जिसमें समस्त न्यायिक अधिकारी व अधिवक्तागण द्वारा सहयोग प्रदान किया गया और भविष्य में भी कानपुर बार एसोसिएशन व लॉयर्स एसोसिएशन अपना पूर्ण रूप से सहयोग प्रदान करती रहेगी।
इस अवसर पर अपर जिला मजिस्ट्रेट (न्यायिक) महेश कुमार, अध्यक्ष कानपुर बार एसोसिएशन योगेंद्र बस्ती, अध्यक्ष लॉयर्स एसोसिएशन दिनेश चंद्र वर्मा, महामंत्री कानपुर बार एसोसिएशन विनय मिश्रा, महामंत्री लॉयर्स एसोसिएशन राजीव यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं अधिवक्ता उपस्थित रहे।

शिक्षामित्र शिक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी: प्रभारी मंत्री
सीएसआर पहल से बालिकाओं को मिली नई सुविधा, आईडीबीआई बैंक ने बालगृह को सौंपी 25 लाख की सामग्री, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी हुए कार्यक्रम में शामिल
खामोशी टूटी, कॉक्लियर इम्प्लांट से मूक बधिर बच्चों की लौटी आवाज,कॉक्लियर इम्प्लांट से लौटी आवाज, ‘मम्मी-पापा’ सुनते ही भर आईं आंखें
9 मई को कानपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत, अधिक से अधिक वादों के निस्तारण का लक्ष्य ,बैंक वसूली से पारिवारिक विवाद तक सुलह-समझौते से निपटारा, 5 मई को जागरूकता रैली
पुलिस उपायुक्त यातायात द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों एवं मार्गों का निरीक्षण किया गया
जिलाधिकारी ने होमगार्ड परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से हो रही परीक्षा 