23 जनवरी को कानपुर में ‘ब्लैकआउट मॉक ड्रिल’, 30 मिनट रहेगा अंधेरा
कानपुर नगर उपदेश टाइम्स
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर 23 जनवरी को कानपुर जनपद में सुरक्षा तैयारियों को परखने के लिए एक विशेष ‘ब्लैकआउट मॉक ड्रिल’ का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक अभ्यास है, जिसका उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति या आपदा से निपटने के लिए जनसुरक्षा और प्रशासनिक तंत्र को और अधिक मजबूत करना है।
प्रशासन के अनुसार, आज शाम 06:00 बजे से 06:30 बजे तक सायरन बजते ही पूरे शहर में 30 मिनट का ब्लैकआउट रहेगा। सायरन की आवाज हवाई हमले की चेतावनी का संकेत होगी। इस दौरान नागरिकों को अपने घरों के भीतर और बाहर की सभी लाइटें बंद कर सुरक्षित स्थानों या नजदीकी शेल्टर होम में रहने की अपील की गई है। शाम 06:30 बजे दोबारा सायरन बजने पर ‘खतरा समाप्त’ होने की सूचना दी जाएगी, जिसके बाद सामान्य जनजीवन बहाल होगा।
मॉक ड्रिल को प्रभावी बनाने के लिए शहर के कई घनी और व्यावसायिक क्षेत्रों में आधे घंटे के लिए बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद रखी जाएगी। प्रभावित क्षेत्रों में कर्नलगंज, ग्वालटोली, नई सड़क, साइकिल मार्केट, यतीमखाना, बेकनगंज, तलाक महल, परेड, पीपीएन मार्केट और एडीएम सिटी क्षेत्र शामिल हैं।
एडीएम सिटी की अध्यक्षता में नागरिक सुरक्षा, एसडीआरएफ, अग्निशमन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। किसी भी आकस्मिक आग या दुर्घटना से निपटने के लिए विभिन्न केंद्रों पर फायर एक्सटिंग्विशर और फायर टेंडर तैनात रहेंगे। वहीं, यदि अभ्यास के दौरान किसी के घायल होने की स्थिति बनती है तो तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सायरन की आवाज सुनकर घबराएं नहीं, किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें। यह अभ्यास शहर की तैयारियों और जनसुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

समयसीमा में पूरी हों विकास परियोजनाएं, विलंब पर कार्यदायी संस्थाएं होंगी ब्लैकलिस्ट : मंडलायुक्त
अवैध खनन, परिवहन एवं ओवरलोडिंग पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 11 वाहन सीज़/चालान
हम्माद मजीद की चमक, शम्सी पैराडाइज की दमदार जीत
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किश्त जारी, किसानों में उत्साह,तिलहन मेले में वैज्ञानिकों ने दी प्राकृतिक खेती एवं उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी
अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के मार्ग निर्देशानुसार गायत्री प्रज्ञा पीठ सचेंडी में कन्या कौशल शिविर का आयोजन किया गया
शौकत अली के बयान पर भड़की लाखन आर्मी , टोंस थाना थाना नर्वल में किया पुतला दहन 