राजस्व वसूली में लापरवाही पर डीएम ने जताई नाराजगी, खनन व आबकारी अधिकारियों को शो कॉज, अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण
कानपुर नगर, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने आज सरसैयाघाट स्थित नवीन सभागार में कर-करेत्तर और राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों की कमजोर प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि विभागीय अधिकारी आपसी सामंजस्य से समस्याओं का समाधान करें, अन्यथा उनकी जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को निर्देश दिया कि बड़ी आरसी की वसूली प्रतिदिन कराई जाए और उसकी नियमित समीक्षा भी हो।
खनन विभाग की 77 आरसी में 1 करोड़ 11 लाख 52 हजार रुपये की अपेक्षित वसूली के मुकाबले केवल 23 लाख रुपये की प्राप्ति पर जिलाधिकारी ने तीखी नाराजगी व्यक्त की और जिला खनन अधिकारी को शो कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शत-प्रतिशत वसूली हर हाल में सुनिश्चित की जाए। इसी प्रकार आबकारी विभाग की 56 आरसी में 2 करोड़ 51 लाख रुपये की वसूली में शून्य प्रगति पाए जाने पर जिला आबकारी अधिकारी को भी शो कॉज नोटिस देने के आदेश अपर जिलाधिकारी नगर को दिए गए।
स्टांप वसूली की समीक्षा के दौरान अधूरी जानकारी लेकर बैठक में पहुँचने पर सब रजिस्ट्रार को भी शो कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं, जीएसटी अनुभाग-5 और 18 से आए अधिकारियों द्वारा आरसी से संबंधित जानकारी उपलब्ध न कराने और एडिशनल कमिश्नर जीएसटी के अनुपस्थित रहने पर उनका स्पष्टीकरण मांगा गया।
जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी वित्त-राजस्व को निर्देशित किया कि प्रतिदिन यह रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए कि किस विभाग की कितनी आरसी की वसूली लंबित है, और उसे सुनिश्चित कराने के लिए तत्काल समीक्षा की जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर डॉ. राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी आपूर्ति, अपर नगर आयुक्त सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

अब घर बैठे पहचानिए मिलावटी खाद्य पदार्थ, फूड सेफ्टी वैन ने सिखाए आसान परीक्षण, मोतीझील में लाइव डेमो, दूध, मसाले, घी, चाय और मिठाइयों की जांच के बताए घरेलू तरीके
कानपुर की महिलाओं ने संभाली ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की कमान, 174 स्वयं सहायता समूहों की 734 महिलाएं तिरंगा निर्माण के कार्य में जुटीं
जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव का आयोजन, नन्द बाबा दुग्ध मिशन के 28 लाभार्थियों को मिले चयन पत्र
व्यापारियों ने कपड़ा मार्केट जनरल गंज में जनसंपर्क किया
टीकाकरण से इनकार करने वाले परिवारों तक पहुंचेगी जोनल हेल्थ कमेटी
चावल में रंग मिलाकर बन रही थी हल्दी, 5.86 लाख का स्टॉक जब्त, छह नमूने जांच को भेजे, पनकी की मसाला निर्माण इकाई पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की बड़ी कार्रवाई 