उपदेश टाइम्स, हमीरपुर। सोमवार की रात यमुना किनारे गंगा उत्सव कार्यक्रम के तहत दीपदान, भजन संध्या व यमुना आरती कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक डा.मनोज प्रजापति रहे। जिनके द्वारा यमुना आरती की गई और यमुना तटबंध पर दीपदान किया गया। इस मौके पर पर्यावरण की थीम पर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। जिसमें स्थान पाने वाले बच्चों को सदर विधायक ने शील्ड देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर यमुना तटबंध पर 5100 दीपों का जलाकर बंधे को रोशन किया गया। जिसके बाद यमुना आरती हुई। इस आरती में सदर विधायक के साथ राज्यसभा सदस्य बाबूराम निषाद के प्रतिनिधि अशोक तिवारी, जिलाधिकारी श्री घनश्याम मीना, सीडीओ चंद्रशेखर शुक्ला, एडीएम वित्त एवं राजस्व विजयशंकर तिवारी, एडीएम न्यायिक डा.नागेंद्रनाथ समेत अन्य लोग मौजूद रहे। यमुना आरती पं.बाबूप्रसाद अवस्थी के द्वारा संपन्न कराई गई। जिसमें शहर के लोगों ने भी प्रतिभाग किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक ने कहा कि पर्यावरण को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार अभियान चला रही है। ताकि हमें शुद्ध पर्यावरण मिल सके। इसके लिए हम सभी को भी आगे आना होगा। वहीं जिलाधिकारी ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नदियों को शुद्ध रखने तथा पर्यावरण को बढ़ावा देने की अपील की। इस मौके पर नरेंद्रवीर सिंह चौहान एंड पार्टी की ओर से भजन संध्या का भी आयोजन किया गया। जिसमें सुंदर भजनों के माध्यम से लोगों को ओतप्रोत किया गया। इस मौके पर स्थान पाने वाले बच्चों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन जलीस खान व आभार प्रभागीय वनाधिकारी अनिल श्रीवास्तव ने व्यक्त किया। इस मौके पर क्षेत्रीय वनाधिकारी अमित श्रीवास्तव, वन दारोगा अमर सिंह यादव, वृक्षमित्र राजेंद्रवीर सिंह चौहान, धर्मेंद्र बाजपेई समेत अन्य लोग मौजूद रहे।