11 हजार दीपों की आभा से जगमगाया देवी धाम बसौली, विधायक रमेश सिंह और उनकी पत्नी नीलम सिंह ने दीप जलाकर दीपोत्सव कार्यक्रम का किया शुभारंभ
उपदेश टाइम्स जौनपुर
जौनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को सुईथाकला क्षेत्र के देवी धाम बसौली में आयोजित दीपोत्सव आस्था और जनसहभागिता का केंद्र बना रहा। मंदिर परिसर और सरोवर पर 11 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। विधायक रमेश सिंह और उनकी पत्नी एवं जिला पंचायत सदस्य नीलम सिंह ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। दीपों और आकर्षक सजावट से पूरा धाम रोशनी से नहा उठा। सुंदरकांड पाठ, संध्या आरती और भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए विधायक रमेश सिंह आयोजन शुरू होने से करीब एक घंटे पहले ही देवी धाम पहुंच गए। उन्होंने सहयोगियों के साथ व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित लोगों से तैयारियों की जानकारी ली। दीप प्रज्ज्वलन के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। धार्मिक वातावरण के बीच ‘बसौली माई के जयकारे’ गूंजते रहे।
विधायक रमेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की करीब 25 वर्षों की राजनीतिक तपस्या और निरंतर सेवा का परिणाम है कि भारत वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। देश को विश्व गुरु के रूप में स्थापित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने देवी धाम में आयोजित सुंदरकांड पाठ की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आपसी सहभागिता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के उज्ज्वल भविष्य तथा देश की निरंतर प्रगति की कामना की। साथ ही आयोजन में सहयोग करने वाले प्रशासन, अधिकारियों-कर्मचारियों और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार जताया।
भंडारे में दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
मुख्य पुजारी पंडित रमेश तिवारी ने बताया कि स्थानीय लोगों के सहयोग से देवी धाम को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। दोपहर बाद सुंदरकांड पाठ हुआ। इसके बाद संध्या आरती में विधायक रमेश सिंह समेत श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। आरती के बाद भंडारा आयोजित किया गया, जिसमें दो हजार से अधिक लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
सफाई के लिए 50 से अधिक कर्मियों की तैनाती
प्रभारी खंड विकास अधिकारी एवं डीसी मनरेगा, सुईथाकला जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आयोजन को देखते हुए मंदिर परिसर, सरोवर और आसपास के मार्गों पर विशेष साफ-सफाई कराई गई। इसके लिए 50 से अधिक सफाईकर्मियों को लगाया गया था। तहसील क्षेत्र के तीनों विकासखंडों के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ क्षेत्रवासियों ने भी व्यवस्थाओं में सहयोग किया। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे।
सुरक्षा के लिए सरपतहां थाना और पुलिस चौकी पट्टी नरेंद्रपुर की पुलिस तैनात रही। पुलिसकर्मियों ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित कराया।
ये रहे मौजूद: ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चंद तिवारी, प्रधान प्रतिनिधि बसौली धर्मेंद्र बिंद, समाजसेवी संजय सिंह, प्रमोद सिंह, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष नरेंद्र उपाध्याय, जितेंद्र सिंह, बेचन पांडे, वंश बहादुर पाल, सहायक विकास अधिकारी पंचायत जयप्रकाश मौर्य, अजय मिश्रा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
इनसेट-
500 विद्यार्थियों ने भी जलाए दीप, कॉलेज परिसर 1100 दीपों से हुआ रोशन
देवी धाम बसौली में हुए दीपोत्सव में श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज के करीब 500 विद्यार्थियों ने प्रधानाचार्य डॉ. अजेय प्रताप सिंह के नेतृत्व में सहभागिता की। प्रधानाचार्य ने भी दीप प्रज्ज्वलित किया। उन्होंने बताया कि जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देश पर कॉलेज परिसर को 1100 दीपों से सजाया गया।
इस दौरान गांधी स्मारक विद्यालय संकुल के प्रबंधक हृदय प्रसाद सिंह रानू, शिक्षक संघ के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सतीश सिंह, पद्म भूषण सिंह, विनय त्रिपाठी, संतोष कुमार, मनीष कुमार रावत, अजीत कुमार यादव, राम बख्श सिंह, मनोज तिवारी, अमृतलाल विश्वकर्मा, दिनेश कुमार सिंह, मनीष कुमार दुबे, मनोज कुमार सिंह, प्रेम चंद्र अग्रहरि, अंकित मिश्रा, सुंदर लाल, जितेंद्र बहादुर सिंह बबलू और आशीष सिंह सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे.

पीएम बिना टेलीप्रॉन्पटर के अगर वंदे मातरम सुना देंगे तो राजनीति छोड़ देंगे : संजय सिंह
अधिवक्ता साथियों के हितों की रक्षा मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता : सुरेंद्र प्रजापति
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव : आत्मबोध और तत्वदर्शी सद्गुरु की खोज
ऋषिकोंडा बीच की खूबसूरती पर्यटकों को सहज ही अपनी ओर आकर्षित करती है : हेमंत तिवारी
संतोष कुमार बने इंटरनेशनल मीडिया प्रेस क्लब के वाराणसी मंडल अध्यक्ष
थाना तेजी बाजार पुलिस द्वारा 5 अभियुक्त किये गये गिरफ्तार 