लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 231वीं पुण्यतिथि पर 13 अगस्त को हिंदी भवन अकबरपुर में होगा भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम
उपदेश टाइम्स कानपुर देहात
अकबरपुर, कानपुर देहात राजमाता अहिल्याबाई होल्कर जी की 231वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 13 अगस्त 2026 को प्रातः 11 बजे हिंदी भवन, अकबरपुर में भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल होंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अकबरपुर-रनिया विधानसभा क्षेत्र में गाँव-गाँव अलग-अलग टोलियां बनाकर व्यापक जनसम्पर्क अभियान चलाया जा रहा है। जनसम्पर्क के दौरान ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और किसानों से सीधा संवाद कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण देने के साथ-साथ गांवों की स्थानीय समस्याओं को भी प्रमुखता से सुना जा रहा है।
कार्यक्रम आयोजक एवं पूर्व सांसद तथा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजाराम पाल ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जी का जीवन न्याय, सेवा, सुशासन, महिला सम्मान और जनकल्याण की प्रेरणादायी मिसाल है। उन्होंने कहा कि उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ आज गांवों में जनता के सामने खड़ी वास्तविक समस्याओं को उठाना भी जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों, नौजवानों, महिलाओं, मजदूरों और कमजोर वर्गों की समस्याओं को मजबूती से उठाने के लिए हमेशा संघर्ष करती रही है।
राजाराम पाल ने बताया कि गांव-गांव जनसम्पर्क के दौरान किसानों की खाद एवं डीएपी की उपलब्धता, बिजली की समस्या, सिंचाई, फसल और बेरोजगारी जैसे मुद्दे प्रमुखता से सामने आ रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से ग्राम पंचायत तोड़ा, मोहम्मदपुर एवं गदाईखेड़ा की बिजली समस्या का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्रामीणों के अनुसार इन क्षेत्रों में पिछले लगभग 10 दिनों से विद्युत आपूर्ति बाधित है, जिसके कारण किसानों को सिंचाई करने में भारी परेशानी हो रही है और फसलों की बुवाई प्रभावित हो रही है। बिजली के अभाव में किसान समय पर खेत तैयार नहीं कर पा रहे हैं तथा उनकी मेहनत और फसल दोनों प्रभावित होने की चिंता बनी हुई है। उन्होंने शासन-प्रशासन एवं विद्युत विभाग से मांग की कि ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके और उनकी फसलों का नुकसान न हो।
उन्होंने कहा कि “किसान देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। यदि किसान को समय पर खाद-डीएपी, बिजली और सिंचाई की सुविधा नहीं मिलेगी तो उसकी फसल कैसे तैयार होगी। तोड़ा, मोहम्मदपुर और गदाईखेड़ा में कई दिनों से बिजली की समस्या की शिकायत ग्रामीणों द्वारा की जा रही है। संबंधित विभाग को तत्काल संज्ञान लेकर विद्युत आपूर्ति बहाल करनी चाहिए। किसानों की समस्याओं को अनदेखा नहीं किया जा सकता।”
उन्होंने कहा कि इसी प्रकार क्षेत्र के युवाओं के सामने बेरोजगारी और रोजगार के पर्याप्त अवसरों का अभाव भी गंभीर समस्या है। जनसम्पर्क के दौरान युवाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझा जा रहा है। महिलाओं की समस्याओं को भी प्राथमिकता के साथ सुना जा रहा है। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और किसानों की विशेष भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ता लगातार गांवों में संपर्क कर रहे हैं।
राजाराम पाल ने कहा कि 13 अगस्त का यह कार्यक्रम केवल लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जी को श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके जनसेवा, न्याय और जनकल्याण के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का अवसर भी है। उन्होंने क्षेत्र की माताओं-बहनों, युवाओं, किसानों, बुजुर्गों एवं सभी सम्मानित नागरिकों से अपील की कि वे 13 अगस्त 2026 को प्रातः 11 बजे हिंदी भवन, अकबरपुर पहुंचकर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जी को श्रद्धासुमन अर्पित करें और कार्यक्रम को सफल बनाएं।
कार्यक्रम के लिए खलीलपुर, आघू कमालपुर, अलमापुर, रूरा, रोशनमऊ, देवीपुर सहित विभिन्न गांवों में अलग-अलग टोलियां बनाकर जनसम्पर्क किया जा रहा है। जनसम्पर्क अभियान में अमरसिंह पाल (जिलाध्यक्ष, अखिल भारतीय पाल महासभा), सियाराम पाल, रामकिशोर दिवाकर, सुरेश सक्सेना, एडवोकेट मनबीर पाल, मूलचंद्र पाल, एडवोकेट ललित पाल, तेजबहादुर पाल, जितेंद्र पाल, ज्ञानसिंह पाल (सदस्य जिला पंचायत), आशुतोष पाल, अवधेश पाल (प्रधान), रिंकू पाल, दीपेंद्र, आयुष पाल, प्रिंस यादव, सुनील एवं बबलू संखवार सहित अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

रिश्ते में न पड़े गांठ, विवाह से पहले मिलेगा संवाद का मंत्र, डीएम ने वन स्टॉप सेंटर में किया ‘तेरे मेरे सपने’ केंद्र का शुभारंभ
समाजवादी पार्टी ने पूर्व सांसद फूलन देवी की जयंती मनाई गई
अब घर बैठे पहचानिए मिलावटी खाद्य पदार्थ, फूड सेफ्टी वैन ने सिखाए आसान परीक्षण, मोतीझील में लाइव डेमो, दूध, मसाले, घी, चाय और मिठाइयों की जांच के बताए घरेलू तरीके
कानपुर की महिलाओं ने संभाली ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की कमान, 174 स्वयं सहायता समूहों की 734 महिलाएं तिरंगा निर्माण के कार्य में जुटीं
जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव का आयोजन, नन्द बाबा दुग्ध मिशन के 28 लाभार्थियों को मिले चयन पत्र
व्यापारियों ने कपड़ा मार्केट जनरल गंज में जनसंपर्क किया 