मिशन रोजगार के तहत चार स्थानों पर वृहद रोजगार मेले का होगा आयोजन, 2000 युवाओं को नौकरी का लक्ष्य, रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं युवा
कानपुर नगर शनिवार देर सायं कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में मिशन रोजगार के अंतर्गत गठित जिला कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मिशन रोजगार के अंतर्गत वृहद रोजगार मेलों की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के युवाओं को उनकी योग्यता, कौशल और ट्रेड के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं और चयन प्रक्रिया व्यवस्थित तथा परिणाममुखी हो।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आईटीआई पाण्डु नगर, डीबीएस महाविद्यालय, नारायणा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स और दयानन्द गर्ल्स पीजी कॉलेज में वृहद रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। इन मेलों के माध्यम से 2000 युवाओं के चयन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। महिला कामगारों की भागीदारी बढ़ाने के लिए उपयुक्त रिक्तियों और ट्रेड को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को 25 नियोजकों की सूची रिक्तियों की संख्या सहित उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सभी कंपनियों का पंजीकरण रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर अनिवार्य रूप से कराया जाएगा। अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता और नियोजकों की मांग का सटीक मिलान सुनिश्चित करने के लिए गूगल शीट पर समेकित डाटा तैयार किया जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि जनपद के सभी महाविद्यालयों, प्रशिक्षण एवं प्रौद्योगिकी संस्थानों का रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कराया जाए। जॉबसीकर के पंजीकरण को सरल बनाने के लिए क्यूआर कोड जारी कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। मेले में आने वाले युवाओं के लिए पंजीकरण, काउंसिलिंग और साक्षात्कार की सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में ओवरसीज भर्ती के अंतर्गत इजराइल में चल रही चयन प्रक्रिया की जानकारी ली गई और उसे पारदर्शी ढंग से संचालित करने पर बल दिया गया। विभिन्न विभागों के समन्वय से युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में सीडीओ दीक्षा जैन, उपायुक्त उद्योग, उप निदेशक कृषि, जिला उद्यान अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, आईटीआई के प्रधानाचार्य, फीटा के अध्यक्ष उमंग अग्रवाल, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी तथा जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन सहायक निदेशक सेवायोजन कानपुर मण्डल उज्जवल कुमार सिंह ने किया।

महर्षि वाल्मीकि उपवन मेला कमेटी का 29वाँ सम्मान समारोह संपन्न, नीट और बीटेक के मेधावियों का हुआ सम्मान
विशेष पुनरीक्षण अभियान में रिकॉर्ड आवेदन, 2.20 लाख फार्म-6 जमा , जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ कि बैठक, प्रगति व अद्यतन स्थिति से कराया अवगत
सीएम-ग्रिड कार्यों में मैनपावर की कमी पर कंस्ट्रक्शन एजेंसी के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश
राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत विज्ञान प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन
कौशल के दम पर विदेश की राह, इजराइल रोजगार के लिए 2260 युवाओं का चयन
दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत सहायक उपकरणों का वितरण 