सिद्धनाथ ग्रीन एवं आधुनिक अंत्येष्टि स्थल का हुआ लोकार्पण

जाजमऊ क्षेत्र स्थित नवनिर्मित सिद्धनाथ ग्रीन एवं आधुनिक अंत्येष्टि स्थल का लोकार्पण उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष सतीश महाना जी एवं नगर की महापौर प्रमिला पांडेय द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस परियोजना का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छ, सम्मानजनक एवं पर्यावरण–अनुकूल दाह संस्कार सुविधा उपलब्ध कराना है।
कानपुर जैसे बड़े महानगर में पारंपरिक अंत्येष्टि स्थलों पर लकड़ी की अत्यधिक खपत, वायु प्रदूषण और वृक्षों की कटाई की समस्या लंबे समय से विद्यमान रही है। पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से वैकल्पिक समाधान की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए नगर निगम कानपुर ने इस ग्रीन एवं आधुनिक अंत्येष्टि स्थल की परिकल्पना की। दाह संस्कार हेतु गोबर से निर्मित विशेष प्रकार की ईको-फ्रेंडली लकड़ी का प्रयोग किया जाएगा। इस विधि से प्राकृतिक लकड़ी की खपत में 70% तक कमी आएगी। वायु प्रदूषण में भी उल्लेखनीय कमी आएगी, जिससे वायु गुणवत्ता बेहतर होगी। यह तकनीक परंपरागत रीति-रिवाजों का सम्मान करते हुए पर्यावरण संरक्षण में सहायक होगी। स्थल पर पर्याप्त जल आपूर्ति, विद्युत प्रकाश व्यवस्था एवं स्वच्छता हेतु आधुनिक तकनीकी साधन लगाए गए हैं। परिजनों के बैठने की सुविधा, छायादार शेड एवं पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। शव वाहन के लिए अलग से मार्ग एवं आगंतुकों के लिए पृथक प्रवेश मार्ग का निर्माण किया गया है। CCTV निगरानी अग्निशमन यंत्र एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई पारंपरिक लकड़ी की तुलना में इस तकनीक से दाह संस्कार की लागत अपेक्षाकृत कम होगी।विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम द्वारा निर्मित यह ग्रीन एवं आधुनिक अंत्येष्टि स्थल न केवल कानपुर के नागरिकों को आधुनिक सुविधा प्रदान करेगा, बल्कि यह परियोजना पूरे प्रदेश के लिए एक आदर्श मॉडल सिद्ध होगी। उन्होंने इस परियोजना में योगदान देने वाले ग्रीन रिवोल्यूशन फाउंडेशन एवं नगर निगम टीम की सराहना की।महापौर प्रमिला पांडेय ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अंत्येष्टि स्थल कानपुर नगर की बढ़ती जनसंख्या की आवश्यकताओं को पूरा करेगा और नागरिकों को स्वच्छ एवं सम्मानजनक वातावरण में अंतिम संस्कार की सुविधा उपलब्ध कराएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें और नगर को स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण–अनुकूल बनाने में सहयोग करें। नगर आयुक्त मुख्य अभियंता, सहायक अभियंता, अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, ग्रीन रिवोल्यूशन फाउंडेशन के पदाधिकारी एवं सदस्य, नगर निगम पार्षदगण एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नवनिर्मित अंत्येष्टि स्थल का अवलोकन किया एवं इसकी सुविधाओं की सराहना की। नगर निगम ने यह सुनिश्चित किया है कि आने वाले समय में कानपुर नगर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार के ग्रीन एवं आधुनिक अंत्येष्टि स्थल स्थापित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को इस सुविधा का लाभ प्राप्त हो सके और नगर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अग्रसर हो।