कमालगंज में युवक की संदिग्ध हत्या, शव बाग में मिला परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल

फर्रुखाबाद दैनिक उपदेश टाइम्स न्यूज़ ब्यूरो मनोज कुमार की विशेष रिपोर्ट
फर्रुखाबाद जनपद के थाना कमालगंज क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। उमराव नगला निवासी संजेश यादव (20 वर्ष), पुत्र रघुनंदन सिंह का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया।
मृतक के पिता रघुनंदन सिंह पीआरडी जवान हैं। मां कलावती हैं। संजेश के चार भाई – सुखदेव, अखिलेश, हिमांशु व लोकेश हैं। परिवार में दो बहनें भी हैं। संजेश परिवार में तीसरे नंबर का बच्चा था।
जानकारी के अनुसार, संजेश यादव सुबह 9:30 बजे घर से जानवर चराने हुसैनगंज की तरफ गया था। गांव में बाढ़ के कारण पानी भरा होने के कारण वह जानवरों को सुरक्षित जगह पर ले जा रहा था।
परिजनों का आरोप है कि हुसैनगंज के कुछ लोगों ने संजेश की हत्या कर शव को शेखपुरा भोजपुर मार्ग पर, नथुआपुर निवासी रघुवीर सिंह राजपूत के बाग में फेंक दिया।
घटना की सूचना शाम 4:30 बजे चरवाहों ने परिजनों को दी। इसके बाद परिजन शव लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर थाना कमालगंज पुलिस फोर्स सहित अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस शव के पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया और हत्या में शामिल लोगों की पहचान में जुटी हुई है।
घटना से इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। मृतक के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है!