कानपुर नगर निगम का निरीक्षण अभियान जारी, डोर-टू-डोर कलेक्शन व्यवस्था की समीक्षा

कानपुर नगर निगम द्वारा स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ और पारदर्शी बनाए रखने के लिए नगर आयुक्त सुधीर कुमार के नेतृत्व में लगातार निगरानी एवं निरीक्षण कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज प्रातः 6:00 बजे जोन-06 के वार्ड संख्या 85 एवं 69 का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, साफ-सफाई की स्थिति, तथा सफाई कर्मियों की उपस्थिति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने पाया कि कचरा संग्रहण में प्रयुक्त वाहन अत्यंत जर्जर अवस्था में हैं। इस पर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वाहनों की शीघ्र मरम्मत कर उन्हें कार्य योग्य बनाया जाए, तथा सफाई कर्मी अनिवार्य रूप से निर्धारित वर्दी में ड्यूटी पर उपस्थित रहें, जिससे नगरवासियों को एक अनुशासित और व्यवस्थित सेवा अनुभव हो।
नगर आयुक्त ने क्षेत्रीय नागरिकों से संवाद कर डोर-टू-डोर कलेक्शन की नियमितता की जानकारी ली, जिस पर अधिकांश नागरिकों ने संतोष व्यक्त किया। इसके साथ ही, स्थानीय निवासियों द्वारा विभिन्न जनसमस्याएं भी साझा की गईं, जिनके त्वरित समाधान हेतु जोनल अधिकारियों को युद्ध स्तर पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
फेशियल अटेंडेंस सिस्टम से पारदर्शिता की ओर कदम
स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर निगम कानपुर द्वारा सफाई व्यवस्था को तकनीकी रूप से अधिक पारदर्शी और प्रभावशाली बनाने हेतु फेशियल रेकग्निशन अटेंडेंस सिस्टम लागू किया जा रहा है। यह कार्य यूपी डेस्को (उत्तर प्रदेश डेवलपमेंट सिस्टम्स कॉरपोरेशन लिमिटेड) के सहयोग से प्रगति पर है।
इस व्यवस्था के अंतर्गत शहर के 110 वार्डों में तैनात सफाई नायकों एवं सफाई कार्मिकों की दैनिक उपस्थिति उनके चेहरे की पहचान से दर्ज की जाएगी। इससे अनुपस्थिति में की जाने वाली अनियमितताओं पर पूर्ण नियंत्रण संभव होगा, साथ ही भौतिक सत्यापन एवं निरीक्षण में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सकेगी।
नगर आयुक्त ने इस परियोजना की प्रगति की स्वयं समीक्षा की और यह निर्देश दिए कि एक माह के भीतर सभी सफाई कार्मिकों व जोनल कार्यालयों का डाटाबेस तैयार कर योजना का पूर्ण क्रियान्वयन किया जाए निरीक्षण के अवसर पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित सिंह, जोनल अभियंता श्री आर.के. सिंह एवं जोनल स्वच्छता अधिकारी श्री विजय शंकर भी उपस्थित रहे। कानपुर नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे ये प्रयास शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।