हाईवे पर रातभर चला प्रशासन का शिकंजा, 151 वाहनों पर कार्रवाई, ओवरलोड और बिना नंबर प्लेट वाले वाहन बने निशाने पर, 11.25 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला
उपदेश टाइम्स कानपुर
कानपुर नगर हाईवे पर नियम तोड़कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ गुरुवार देर रात प्रशासन का सख्त अभियान देखने को मिला। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर नरवल क्षेत्र में राजस्व, पुलिस, परिवहन और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने हाईवे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान ओवरलोड, बिना नंबर प्लेट और नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 151 वाहनों का चालान किया गया तथा 11 लाख 25 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
रात में चले इस संयुक्त अभियान के दौरान टीम ने हाईवे पर गुजर रहे वाहनों की गहन जांच की। बिना नंबर प्लेट चल रहे वाहन, अनधिकृत रूप से संचालित वाहन, ओवरलोड वाहन तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई। कई वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक भी किया गया।
अभियान में परिवहन विभाग ने 95 वाहनों का चालान कर 8 लाख 47 हजार रुपये, पुलिस विभाग ने 52 वाहनों का चालान कर 78 हजार 500 रुपये तथा खनन विभाग ने 4 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 2 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला। कुल मिलाकर 151 चालान किए गए और 11 लाख 25 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद में तहसीलवार संयुक्त प्रवर्तन टीमों का गठन किया है। इसी क्रम में विभिन्न क्षेत्रों में नियमित अभियान चलाए जा रहे हैं।
अभियान का नेतृत्व उप जिलाधिकारी नरवल विवेक कुमार मिश्रा ने किया। इस दौरान एसीपी चकेरी अभिषेक पांडे, परिवहन विभाग से मानवेंद्र प्रताप सिंह, जिला खनन अधिकारी पारसनाथ, नायब तहसीलदार आशीष पटेल, राजस्व विभाग की टीम तथा पुलिस बल मौजूद रहा।
उप जिलाधिकारी नरवल विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। ओवरलोडिंग, बिना नंबर प्लेट और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार अभियान जारी रहेंगे।

भूजल संरक्षण को जनआंदोलन बनाएं, वर्षभर जारी रहें प्रयास: डीएम
अखिलेश यादव की गिरफ्तारी पर किया विरोध पार्षद इशरत अली को किया नजरबंद
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के प्रथम आगमन पर कानपुर में ऐतिहासिक स्वागत
भूजल सप्ताह: क्राइस्ट चर्च इंटर कॉलेज में जल संरक्षण कार्यशाला, चित्रकला प्रतियोगिता एवं शपथ ग्रहण का हुआ आयोजन
आईसीडीएस, विकासखंड सरसौल, कानपुर नगर में विदाई एवं स्वागत समारोह सम्पन्न
पेपर लीक मुद्दे पर समाजवादी पार्टी की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी युवा नेत्री डॉ. आँचल वर्मा ने अनोखे अंदाज मे संसद से जंतर -मंतर तक किया पैदल मार्च 