प्लास्टर पर अड़ी पड़ोसी की जिद, मामला पहुंचा डीएम तक, गांव में हुआ समझौता
उपदेश टाइम्स कानपुर
कानपुर नगर, दीवार के प्लास्टर को लेकर पड़ोसियों की ऐसी ठन गई कि मामला सीधे जिलाधिकारी के जनता दर्शन तक जा पहुंचा। हालात इस कदर बिगड़े कि एक साधारण निर्माण विवाद सुलझाने के लिए मजिस्ट्रेट को गांव जाकर दोनों पक्षों के बीच बैठकर समझौता कराना पड़ा। गांव में कई दिनों से चल रही यह खींचतान आखिरकार प्रशासन की मौजूदगी में खत्म हुई।
बिल्हौर क्षेत्र के ग्राम मान निवादा में रहने वाली अंजू और उनकी पड़ोसी के बीच दीवार के प्लास्टर और निर्माण कार्य को लेकर विवाद शुरू हुआ था। शुरू में यह सामान्य असहमति थी, लेकिन धीरे-धीरे दोनों पक्ष इस बात पर अड़ गए कि पहले प्लास्टर कौन कराए और किसका काम पहले होगा। इसी बात ने विवाद को तूल दे दिया और आपसी कहासुनी तक बात पहुंच गई। मामला जब बढ़ता गया तो अंजू ने जिलाधिकारी के जनता दर्शन में शिकायत दर्ज कराई। जनता दर्शन में पहुंचे इस प्रकरण को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने गंभीरता से लिया और तत्काल मजिस्ट्रेट को मौके पर जाकर जांच और समाधान के निर्देश दिए।
निर्देश मिलते ही एएसडीओ सदर संजीव दीक्षित राजस्व और पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे। गांव में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाया गया। पहले दोनों की बातें सुनी गईं, फिर मौके की स्थिति देखी गई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि विवाद मूल रूप से दीवार के प्लास्टर और निर्माण कार्य के क्रम को लेकर ही है, लेकिन आपसी जिद ने इसे बड़ा रूप दे दिया।
काफी देर तक चली बातचीत और समझाइश के बाद मजिस्ट्रेट ने दोनों पक्षों के बीच एक व्यावहारिक समाधान सुझाया। तय हुआ कि एक पक्ष पहले निर्धारित समय के भीतर अपना प्लास्टर कार्य पूरा करेगा। इसके बाद दूसरा पक्ष उसी दिशा में अपना निर्माण कार्य आगे बढ़ाएगा। इस व्यवस्था पर दोनों पक्ष सहमत हो गए। समझौते के बाद दोनों पक्षों ने आगे किसी प्रकार का विवाद न करने की बात कही। गांव के लोगों के लिए यह मामला इसलिए भी चर्चा में रहा क्योंकि दीवार के एक छोटे से प्लास्टर के विवाद ने प्रशासन को जनता दर्शन से सीधे गांव तक पहुंचा दिया। छोटी सी बात पर बढ़ा विवाद यह भी दिखा गया कि समय रहते हस्तक्षेप हो जाए तो बड़े झगड़े टाले जा सकते हैं। फिलहाल, जिस दीवार को लेकर तकरार थी, उसी पर अब सहमति का प्लास्टर चढ़ चुका है।

गैस एजेंसियों की लापरवाही पर डीएम सख्त, 3 दिन में बैकलॉग खत्म करने का अल्टीमेटम,दो एजेंसियों पर 11.18 लाख का जुर्माना, सुधार न होने पर एफआईआर के निर्देश
पृथ्वी दिवस पर बच्चों ने लिए सात संकल्प, डीएम ने किया वृक्षारोपण,गौरैया संरक्षण को बढ़ावा, विद्यालय परिसर में लगाए गए 10 कृत्रिम घोंसले
डीएम की पहल से बदली जिला पुस्तकालय की तस्वीर, सीएसआर से 20 लाख में हुआ आधुनिकीकरण, अब 120 छात्रों के बैठने की व्यवस्था, प्रतियोगी युवाओं को मिला बेहतर अध्ययन माहौल
पी एल वी (अधिकार मित्र) हेतु क्लस्टर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया
पानी बचाओ, कमाई बढ़ाओ, खेत तालाब योजना से किसानों को दोहरा फायदा,50% अनुदान पर ‘खेत तालाब’ योजना, वर्षा जल संचयन से बढ़ेगी किसानों की आय
दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण हेतु विशेष शिविर का हुआ आयोजन 