समोसा फैक्ट्री में मिला डेढ़ क्विंटल सड़ा आलू, कराया नष्ट, रेलवे की कैंटीनों-दुकानों में होती थी सप्लाई, 3200 कच्चे समोसे भी नष्ट; एक इकाई सील
उपदेश टाइम्स कानपुर
रेलवे की कैंटीनों और दुकानों में सप्लाई होने वाले समोसों की निर्माण इकाइयों में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में गंभीर खामियां सामने आई हैं। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर गुरुवार को रेल बाजार की तीन समोसा निर्माण इकाइयों पर छापा मारा गया। एक इकाई में डेढ़ क्विंटल सड़ा आलू मिला, जबकि तीनों इकाइयों से कुल 3200 बिना तले समोसे और 25 किलो आलू मसाला भी नष्ट कराया गया। एक इकाई को सील करने के साथ ही 48 बोरियों में रखा 2384 किलो मैदा सीज किया गया।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II संजय प्रताप सिंह ने बताया कि क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी से मिली सूचना के आधार पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत रेल बाजार स्थित समोसा निर्माण इकाइयों की जांच की।
टीम ने निर्मल कुमार मिश्र की समोसा निर्माण इकाई में छापा मारा तो परिसर में डेढ़ क्विंटल सड़ा आलू और 400 बिना तले समोसे मिले। इन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। यहां से मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और तैयार समोसे के कुल तीन नमूने भी जांच के लिए लिए गए।
इसके बाद बन्टू यादव की समोसा निर्माण इकाई की जांच की गई। यहां नौकर और मजदूर खाद्य पदार्थ तैयार करते मिले। परिसर में 800 बिना तले समोसे और पांच किलो आलू मसाला अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा पाया गया। टीम ने इसे नष्ट करा दिया। संचालक बन्टू यादव को बार-बार बुलाने के बावजूद वह मौके पर नहीं पहुंचे और खाद्य लाइसेंस भी प्रस्तुत नहीं किया गया। इस पर टीम ने निर्माण इकाई को सील कर दिया।
रेल बाजार के हाता नंबर-दो स्थित मोहम्मद शोएब की समोसा निर्माण इकाई में टीम को 2000 बिना तले समोसे और 20 किलो तैयार आलू मसाला अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा मिला। इसे भी मौके पर नष्ट कराया गया। यहां से मैदा, रिफाइंड पामोलिन ऑयल और समोसा मसाला आलू के तीन नमूने लिए गए। इसके अलावा परिसर में 48 बोरियों में भंडारित 2384 किलो मैदा सीज किया गया।
संजय प्रताप सिंह ने बताया कि तीनों इकाइयों में तैयार होने वाले समोसे रेलवे की कैंटीनों और दुकानों में सप्लाई किए जाते हैं। कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों के कुल छह नमूने लिए गए हैं। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जूही खुर्द में डेंगू प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण, बाढ़ प्रभावित मर्दनपुरवा में शुरू कराया गया सोर्स रिडक्शन
जलभराव में फंसे 25 परिवारों के बचाव में उतरी एनडीआरएफ, भौती-पनका पुल बंद
शिव नगर-बदनी मार्ग से हटाया अतिक्रमण, जलभराव से निजात को बनेगी पुलिया, मंधना-बिठूर मार्ग पर राजस्व, ब्लॉक और पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण, नाली की सफाई शुरू
कानपुर में यू.पी. टेक्स-2026 का रोड शो, टेक्सटाइल उद्योग में निवेश की अपार संभावनाएं, कानपुर को रेडीमेड होजरी और गारमेन्ट उद्योग का बड़ा हब बनाने पर जोर
भारत कौशल प्रतियोगिता 2026-27 में प्रतिभा दिखाने का युवाओं को सुनहरा अवसर, 63 कौशलों में हुनर दिखाने का मौका, पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 सितंबर
कानपुर बनेगा रक्षा उत्पादन का बड़ा केंद्र, IIT कानपुर और BHU करेंगे नई तकनीक में मदद 