कौशल के दम पर विदेश की राह, इजराइल रोजगार के लिए 2260 युवाओं का चयन
कानपुर नगर प्रदेश सरकार की पहल पर युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत सेवायोजन निदेशालय उत्तर प्रदेश और एनएसडीसी इंटरनेशनल द्वारा इजराइल के रेनोवेशन कंस्ट्रक्शन सेक्टर में निर्माण श्रमिकों की भर्ती प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। रोजगार संगम पोर्टल के माध्यम से प्लास्टरिंग वर्क, सिरेमिक टाइल्स, ड्रायवॉल वर्कर (जिप्सम वर्क) और मेसन श्रेणी में पंजीकरण कराने वाले अभ्यर्थियों का चयन कौशल आधारित प्रक्रिया के जरिए किया जा रहा है।
भर्ती प्रक्रिया के तहत 28 अक्टूबर 2025 से 6 नवंबर 2025 के बीच कुल 9352 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। इनमें से 6682 अभ्यर्थी प्री-स्क्रीनिंग और प्रोफेशनल टेस्ट ड्राइव में शामिल हुए। यह परीक्षण 19 नवंबर 2025 से 15 दिसंबर 2025 तक एनएसडीसी और कंस्ट्रक्शन स्किल डेवलपमेंट काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा यदुपति सिंघानिया वोकेशनल एजुकेशन फाउंडेशन कैंपस, कानपुर में आयोजित किया गया। चारों ट्रेड में आयोजित परीक्षण के बाद कुल 2260 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए और चयन प्रक्रिया के निर्णायक चरण में पहुंच गए हैं।
सफल अभ्यर्थियों में से 1200 अभ्यर्थियों को इजराइल की संस्था द्वारा आयोजित अंतिम प्रोफेशनल टेस्ट ड्राइव से गुजरना होगा। इसके लिए यदुपति सिंघानिया वोकेशनल एजुकेशन फाउंडेशन कैंपस में विशेष प्रशिक्षण और परीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जाएगा, जिसमें अभ्यर्थियों के तकनीकी कौशल, कार्य दक्षता और व्यावसायिक क्षमता का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा।
इजराइल की एजेंसी पीआईबीए के निर्देश पर जिप्सम वर्क श्रेणी में चयनित 126 अभ्यर्थियों के कौशल को और सुदृढ़ करने के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 2 फरवरी से 6 फरवरी 2026 तक संचालित हो रहा है, जिसमें 115 अभ्यर्थी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रशिक्षण अवधि में अभ्यर्थियों के आवास और भोजन की निःशुल्क व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद अभ्यर्थियों का पुनः अंतिम परीक्षण किया जाएगा, जिसके आधार पर आगे की चयन प्रक्रिया पूरी होगी।
सहायक निदेशक सेवायोजन उज्ज्वल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार कौशल आधारित रोजगार को बढ़ावा देने और युवाओं को वैश्विक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इस प्रक्रिया से प्रदेश के युवाओं के लिए विदेश में रोजगार के नए अवसर खुल रहे हैं और प्रशिक्षित श्रमिकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्य करने का अवसर मिल रहा है।

सीएम-ग्रिड कार्यों में मैनपावर की कमी पर कंस्ट्रक्शन एजेंसी के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश
राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत विज्ञान प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन
दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत सहायक उपकरणों का वितरण
एमएसएमई एक्सपो-2026 एवं वेण्डर डेवलपमेंट प्रोग्राम का सफल समापन
जीआरपी की तत्परता से घर से नाराज होकर आई किशोरी को ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत परिजनों से मिलाया 