जिलाधिकारी ने की जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की समीक्षा
गंगा संरक्षण, नाला टैपिंग एवं एसटीपी निर्माण से संबंधित कार्य समयबद्ध पूरा कराने के निर्देश
उपदेश टाइम्स कानपुर नगर
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गंगा की अविरलता एवं निर्मलता, नाला टैपिंग, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) निर्माण, तटवर्ती विकास कार्यों, वृक्षारोपण तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने 14 नालों के अवरोधन एवं डायवर्जन तथा एसटीपी निर्माण परियोजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नाला टैपिंग एवं एसटीपी निर्माण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए, ताकि गंगा की स्वच्छता एवं निर्मलता के लिए संचालित प्रयासों को प्रभावी बनाया जा सके।
सीटीआई नहर पर सीढ़ियों, घाट एवं स्टील जाली का निर्माण कार्य अब तक प्रारंभ न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग को तत्काल निर्माण कार्य प्रारंभ कराने तथा प्रतिदिन की प्रगति की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्रामीण क्षेत्रों में नालों के प्रबंधन एवं वेटलैंड निर्माण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पंचायती राज विभाग को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
जनपद में कराए गए वृक्षारोपण की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को वृक्षारोपण स्थलों की जियो-टैगिंग एवं थर्ड पार्टी सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ रोपित पौधों की वास्तविक स्थिति एवं उनके संरक्षण की प्रगति का भी सत्यापन किया जाए।
जाजमऊ स्थित 130 एमएलडी क्षमता के एसटीपी परिसर में भंडारित स्लज के निस्तारण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पर्यावरणीय प्रोटोकॉल एवं निर्धारित मानकों के अनुसार उसका सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि गंगा संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण एवं पर्यावरण सुरक्षा से संबंधित कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी सदर अनुभव सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी आकांक्षा जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

पीडीए चौपाल में बोले सपा सांसद देवेंद्र शाक्य, विधानसभा चुनाव में जिताऊ प्रत्याशियों को मिलेगी प्राथमिकता सपा नेत्री रचना सिंह ने महंगाई, बेरोजगारी और महिलाओं की पेंशन का मुद्दा उठाया
कानपुर कैटर्स एसोसिएशन के महासम्मेलन में संगठन की एकता और सदस्य हितों पर जोर, नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, कैटरिंग व्यवसाय को आधुनिक एवं व्यवस्थित बनाने का संकल्प
बच्चों एवं स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की सामूहिक मार्केटिंग के लिए जनपद में बाजार विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
रिंग रोड एवं मंधना-अनवरगंज एलिवेटेड रेलवे ट्रैक परियोजनाओं की जिलाधिकारी ने की समीक्षा
सिविल डिफेंस को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने के निर्देश
राष्ट्रीय पुस्तक मेले में पहुंचे अटल और विहान आवासीय विद्यालय के विद्यार्थी, प्रधानाचार्य ने दो बसों को हरी झंडी दिखाकर लखनऊ के लिए किया रवाना 