रोजगार मिशन के तहत डीजी गर्ल्स कॉलेज में रोजगार मेला, 242 छात्राएं शॉर्टलिस्ट
कानपुर नगर उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत “हर हाथ, हर परिवार को रोजगार” के लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए प्रादेशिक सेवायोजन कार्यालय, कानपुर नगर और डीजी गर्ल्स (पीजी) कॉलेज, सिविल लाइन्स के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को कॉलेज परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। प्रातः 10 बजे शुरू हुए इस मेले में बड़ी संख्या में छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संयुक्त सचिव अनंता स्वरूप तथा सहायक सेवायोजन अधिकारी हिमांशु यादव ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया। निदेशक अर्चना वर्मा और प्राचार्या प्रो. वंदना निगम ने अतिथियों का स्वागत साहित्य भेंट कर किया। संयुक्त सचिव ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में कौशल विकास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने छात्राओं से अपने व्यक्तित्व और संवाद क्षमता को निखारने पर जोर दिया। सहायक सेवायोजन अधिकारी ने सेवायोजन पोर्टल की उपयोगिता, आउटसोर्सिंग भर्ती प्रक्रिया और उपलब्ध अवसरों की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक परिवार को रोजगार के अवसरों से जोड़ना है।
रोजगार मेले में राजरतन साड़ीज, सेंट्रल बैंक जनरली लाइफ इंश्योरेंस, पुखराज हेल्थ केयर, श्रीराम फाइनेंस ग्रुप, एएस वर्ड ग्रुप लिमिटेड, एजु वैंटेज प्राइवेट लिमिटेड, कात्यानी प्लास्टिक उद्योग प्राइवेट लिमिटेड, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, इंडिपेंडेंट यूथ लॉजिस्टिक्स, स्टार ग्रुप ऑफ मैनपावर सर्विसेज, डिजिटल एडवाइजरी, ओरियन द स्कूल, वी ड्रेस, एकिन इंटरनेशनल और एनएलके ग्रुप सहित विभिन्न कंपनियों ने प्रतिभाग किया।
मेले में कुल 435 छात्राओं ने साक्षात्कार दिया, जिनमें से 242 छात्राओं को उनकी शैक्षिक योग्यता और प्रदर्शन के आधार पर 10 हजार से 25 हजार रुपये प्रतिमाह वेतनमान पर शॉर्टलिस्ट किया गया। चयनित छात्राओं को अतिथियों द्वारा नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम के सफल संचालन में कॉलेज की प्लेसमेंट इंचार्ज प्रो. क्षमा त्रिपाठी तथा सेवायोजन कार्यालय के सतीश पांडेय, क्षेम अग्निहोत्री, अजय कुमार शुक्ला और वीरेन्द्र प्रकाश शुक्ला का सहयोग रहा।

बच्चों को पेट के कीड़े की दवा खिलाकर डीएम ने किया राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ
डिजिटल अनुशासन है सुरक्षा की कुंजी जागरूक रहें, सुरक्षित रहे:डीएम
गुड फ्राइडे व ईस्टर पर्व में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौपा
केवाईसी ही सुरक्षित बैंकिंग की पहली शर्त, वित्तीय साक्षरता सप्ताह का शुभारंभ
फिल्म “घूसखोर पंडित” के विरोध में फिल्म निर्माता/निर्देशक / अभिनेता की गिरफ्तारी की मांग
मतदाता गहन पुनरीक्षण कार्य द्वारा फार्म-7 प्रक्रिया कार्य में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता से कराये :सपा