विशेष पुनरीक्षण अभियान में रिकॉर्ड आवेदन, 2.20 लाख फार्म-6 जमा , जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ कि बैठक, प्रगति व अद्यतन स्थिति से कराया अवगत
कानपुर नगर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया गया। बैठक में बताया गया कि 27 अक्टूबर 2025 से 5 फरवरी 2026 के बीच कुल 2,20,651 फार्म-6 प्राप्त हुए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 7 जनवरी से 6 फरवरी तक युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 1,05,721 फार्म-6 प्राप्त हुए, जो युवाओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार महाराजपुर से 17,541, कानपुर कैंट से 13,745, किदवई नगर से 12,415, कल्याणपुर से 13,019, बिल्हौर से 9,862, बिठूर से 7,932, गोविंद नगर से 9,218, सीसामऊ से 7,119 और घाटमपुर से 8,196 नए आवेदन मिले हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा अभी भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन वोटर हेल्पलाइन एप के साथ-साथ ऑफलाइन मोड में वीआरसी केंद्रों पर फार्म-6 जमा करने की सुविधा उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने कहा कि पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने का कार्य निरंतर प्रक्रिया है और इसके लिए किसी विशेष तिथि तक सीमित रहने की आवश्यकता नहीं है।
फार्म-7 और फार्म-8 से संबंधित प्रक्रिया की जानकारी भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 का पूरा ब्यौरा जिला निर्वाचन अधिकारी के पोर्टल पर उपलब्ध रहता है, जिसे कोई भी व्यक्ति कभी भी देख सकता है। फार्म-7 के संबंध में यह स्पष्ट किया गया कि आपत्तिकर्ता का हस्ताक्षर अनिवार्य है, वह उसी विधानसभा क्षेत्र का निवासी होना चाहिए और फार्म पर अपना एपिक नंबर दर्ज करना आवश्यक है।
बैठक में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण से जुड़ी सुनवाई प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से फीडबैक लिया गया, जिस पर सभी ने सुनवाई की प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त किया। बैठक में भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सीएम-ग्रिड कार्यों में मैनपावर की कमी पर कंस्ट्रक्शन एजेंसी के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश
राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत विज्ञान प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन
कौशल के दम पर विदेश की राह, इजराइल रोजगार के लिए 2260 युवाओं का चयन
दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत सहायक उपकरणों का वितरण
एमएसएमई एक्सपो-2026 एवं वेण्डर डेवलपमेंट प्रोग्राम का सफल समापन 