भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करें खाद्य कारोबारी: डीएम ,होटल–रेस्टोरेंट कारोबारियों के लिए फूड सेफ्टी विभाग की कार्यशाला
कानपुर नगर, कानपुर होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन के तत्वावधान में सोमवार को मर्चेंट चेंबर सभागार में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एचबीटीयू के कुलपति प्रो. शमशेर, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय संजय प्रताप सिंह, एसोसिएशन पदाधिकारी सिंघानिया, विजय पंडित समेत शहर के मसाला, तेल, मिठाई, होटल, रेस्टोरेंट और गोटरी व्यवसाय से जुड़े प्रमुख कारोबारी उपस्थित रहे।
विशेषज्ञों ने दी अहम जानकारियाँ
कार्यक्रम में मुंबई से आए मिथिलेश गांधी ने खाद्य तेलों के प्रयोग, गुणवत्ता परीक्षण और बार–बार गर्म किए जाने के खतरों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तेल की शुद्धता और सुरक्षित उपयोग सीधे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से जुड़ा है।
इंदौर से आए रामनाथ सूर्यवंशी ने ऑनलाइन फूड बिजनेस से जुड़े व्यापारियों को प्रशिक्षण दिया और बताया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बिक्री करते समय गुणवत्ता नियंत्रण और उपभोक्ता विश्वास सबसे अहम है।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय संजय प्रताप सिंह ने होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हर कारोबारी को अपने प्रतिष्ठान में साफ–सफाई, लेबलिंग, भंडारण और प्रसंस्करण की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान देना होगा।
*डीएम बोले: खाद्य कारोबार व्यापार नहीं, सामाजिक जिम्मेदारी भी है*
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि खाद्य कारोबार केवल व्यापार नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। आप जो व्यंजन परोसते हैं, वह सीधे लोगों के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ा होता है। इसलिए गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना आपका प्रथम कर्तव्य है। लाभ कमाना स्वाभाविक है, लेकिन अधिक मुनाफे की लालसा में लापरवाही अस्वीकार्य है। स्वच्छ किचन, स्वस्थ कर्मचारी और जिम्मेदाराना व्यवहार ही आपके व्यवसाय की सबसे बड़ी पूंजी हैं। जब उपभोक्ता विश्वास के साथ आपके प्रतिष्ठान से भोजन ग्रहण करेगा, तभी आपका सम्मान और कारोबार दोनों लगातार बढ़ेंगे।
*नियमित होंगे प्रशिक्षण*
व्यापारियों ने कार्यक्रम के दौरान यह मांग रखी कि इस तरह की कार्यशालाएँ नियमित रूप से आयोजित हों। इस पर सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय संजय प्रताप सिंह ने आश्वासन दिया कि हर माह होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन के सहयोग से फूड सेफ्टी विभाग प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित करेगा। जिलाधिकारी ने भी इस पहल को आगे बढ़ाने और नियमित कार्यक्रम कराने के निर्देश दिए ताकि खाद्य सुरक्षा से जुड़ी जानकारी लगातार साझा होती रहे।

पुलिस उपायुक्त यातायात द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों एवं मार्गों का निरीक्षण किया गया
जिलाधिकारी ने होमगार्ड परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से हो रही परीक्षा
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने कर्मचारियों की प्रमुख माँगों के क्रियान्वयन हेतु सुझाव भेजे
कांग्रेस भूली यूथ कांग्रेस के फाउंडर सदस्य को अखिलेश यादव ने मनाई जयंती
शासन के आदेशों का अनुपालन नहीं कर रहे हैं जिले के अधिकारी, 9 माह बाद भी कानपुर नगर में नहीं लग पाई बेरा जांच मशीन
सपाईयों ने गंभीर प्रकरण को लेकर पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौपा 