हथकरघा हमारी संस्कृति और आजीविका का प्रतीक: राकेश सचान
राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर आयोजित हुआ बुनकर सम्मान समारोह और फैशन शो
कानपुर नगर, प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने कहा कि हथकरघा हमारी सांस्कृतिक धरोहर के साथ-साथ लाखों परिवारों की आजीविका का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बुनकरों के हितों की रक्षा और हथकरघा उद्योग के संवर्धन हेतु निरंतर कार्य कर रही है।
मंत्री सचान आज मर्चेंट चेम्बर हॉल में आयोजित 11वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के उपलक्ष्य में बुनकर सम्मान समारोह, संत कबीर राज्य हथकरघा पुरस्कार वितरण और फैशन शो कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के 13 जनपदों अयोध्या, अलीगढ़, इटावा, कानपुर, गोरखपुर, झाँसी, प्रयागराज, बरेली, मुरादाबाद, मेरठ, मऊ, लखनऊ और वाराणसी के 39 उत्कृष्ट बुनकरों को सम्मानित किया गया। संत कबीर राज्य हथकरघा पुरस्कार योजना के अंतर्गत प्रथम पुरस्कार हेतु ₹20,000, द्वितीय हेतु ₹15,000 और तृतीय पुरस्कार हेतु ₹10,000 की धनराशि, अंगवस्त्र, शील्ड एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
अयोध्या से कल्लू हसन, केशरा और शाहरसाह हुसैन, अलीगढ़ से विकास सिंह, वीरेंद्र कुमार, राहुल महौर, इटावा से मो. असलम, सचिन कुमार और मुन्ना लाल सहित अन्य जनपदों के बुनकरों को उनकी उत्कृष्ट कारीगरी और हथकरघा उत्पादों के लिए यह सम्मान मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत में हथकरघा उत्पादों की भव्य प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें साड़ियाँ, ड्रेस मटेरियल, कवर, दरी, टेबल कवर और बेडशीट जैसे उत्पादों को प्रदर्शित किया गया।
फैशन शो कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की मॉडलों ने कैटवॉक के ज़रिये स्थानीय हथकरघा उत्पादों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का निर्देशन आईएफएफटीसी, सिलिगुड़ी, पश्चिम बंगाल के निदेशक कुतलिन दास ने किया। फैशन शो में परंपरागत और आधुनिक डिजाइनों का सुंदर संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में आयुक्त एवं निदेशक, हथकरघा, उत्तर प्रदेश के. विजयेंद्र पांडियन तथा संयुक्त आयुक्त सी.सी. ठाकुर उपस्थित रहे। समापन के दौरान सी.सी. ठाकुर ने सभी बुनकरों को बधाई दी और उनके उत्पादों को वैश्विक स्तर पर पहुँचाने के संकल्प के साथ धन्यवाद ज्ञापन किया।
कार्यक्रम में उपनिबंधक उत्तीर्ण वीर सिंह, सहायक निबंधक कुसुम, अंतरराष्ट्रीय फैशन डिजाइनर डब्लयू. सुधीर सानिया कुमार और फैशन डिजाइनर दीपांकर कश्यप (असम) की भी उपस्थिति रही।

पुलिस उपायुक्त यातायात द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों एवं मार्गों का निरीक्षण किया गया
जिलाधिकारी ने होमगार्ड परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से हो रही परीक्षा
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने कर्मचारियों की प्रमुख माँगों के क्रियान्वयन हेतु सुझाव भेजे
कांग्रेस भूली यूथ कांग्रेस के फाउंडर सदस्य को अखिलेश यादव ने मनाई जयंती
शासन के आदेशों का अनुपालन नहीं कर रहे हैं जिले के अधिकारी, 9 माह बाद भी कानपुर नगर में नहीं लग पाई बेरा जांच मशीन
सपाईयों ने गंभीर प्रकरण को लेकर पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौपा 