हैलेट में निजी पैथोलॉजी का खेल बेनकाब, प्रिंसिपल डॉ. संजय काला ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
कानपुर नगर उपदेश टाइम्स
शहर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल हैलेट जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में एक बार फिर डॉक्टरों और निजी पैथोलॉजी सेंटर्स की संदिग्ध सांठगांठ का मामला सामने आया है। ओपीडी में तैनात एक डॉक्टर द्वारा मरीजों को सरकारी अस्पताल के भीतर होने वाली मुफ्त या रियायती जांचों के बजाय बाहर निजी पैथोलॉजी सेंटर भेजे जाने का आरोप लगने के बाद हड़कंप मच गया।
गोल चौराहे के पास स्थित एक निजी पैथोलॉजी सेंटर का नाम सामने आने के बाद मरीजों के तीमारदारों का सब्र टूट गया। पीड़ितों ने पर्चों पर लिखे मोबाइल नंबर और अन्य साक्ष्यों के साथ जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. संजय काला से लिखित शिकायत की। शिकायत में आरोप लगाया गया कि डॉक्टर और निजी पैथोलॉजी के बीच कमीशन का खेल चल रहा है, जिसका सीधा नुकसान गरीब और जरूरतमंद मरीजों को उठाना पड़ रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रिंसिपल डॉ. संजय काला ने तत्काल सख्त रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इससे पहले भी संबंधित डॉक्टर के खिलाफ मौखिक शिकायतें मिल चुकी हैं और यह मामला अत्यंत गंभीर है। डॉ. काला ने कहा कि अस्पताल परिसर में मरीजों को बेहतर और पारदर्शी स्वास्थ्य सुविधाएं देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, हैलेट अस्पताल की ओपीडी में परामर्श देने वाले डॉ. ब्रजेश कुमार पर मरीजों को सरकारी जांच के बजाय बाहर निजी पैथोलॉजी से जांच कराने का दबाव बनाने का आरोप है। चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई है कि डॉक्टर द्वारा आधिकारिक पर्चों पर अपना व्यक्तिगत मोबाइल नंबर लिखकर मरीजों को निजी जांच के लिए प्रेरित किया जा रहा था।
प्रिंसिपल डॉ. संजय काला ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। इस कार्रवाई से हेलट प्रशासन ने साफ संकेत दे दिया है कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों के शोषण की कोई जगह नहीं है।

औचक निरीक्षण में तीन शिक्षक अनुपस्थित मिले, डीएम ने वेतन रोका
कानपुर नगर की पहली आईएसओ सर्टिफाइड तहसील बनी घाटमपुर
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर एमएसएमई विकास कार्यालय में उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
संपूर्ण समाधान दिवस में दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर, 47 दिव्यांगजनों को जारी हुए प्रमाण पत्र
जिलाधिकारी ने तहसील घाटमपुर कार्यालय का किया निरीक्षण
टीयूसीसी: श्रमिक अधिकारों की बुलंद आवाज़, कानपुर मंडल मे निर्वाचित हुए कानपुर नगर अध्यक्ष राकेश रावत 